चलती ट्रेन में एनसीसी कैडेट से दुष्कर्म का आरोप, टीटीई फरार
चलती ट्रेन में एनसीसी कैडेट से दुष्कर्म का आरोप सीट दिलाने के बहाने केबिन में ले गया टीटीई पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज, आरोपी फरार

गोरखपुर से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक एनसीसी कैडेट युवती ने आरोप लगाया है कि ट्रेन के टीटीई ने उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती मऊ से परीक्षा देकर लौट रही थी, लेकिन स्टेशन पर अधिक भीड़ होने के कारण वह टिकट नहीं ले सकी और एसी कोच में चढ़ गई। आरोप है कि सीट दिलाने और टिकट बनाने के बहाने टीटीई उसे अपने केबिन में ले गया, जहां यह वारदात हुई।
क्या है पूरा मामला?
घटना रविवार की बताई जा रही है। पीड़िता मऊ जिले की रहने वाली है और गोरखपुर में किराए पर रहकर भर्ती की तैयारी कर रही है। वह एनसीसी का ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा देने मऊ गई थी। परीक्षा के बाद जब वह वापस लौट रही थी, तब स्टेशन पर काफी भीड़ थी, जिससे वह टिकट नहीं ले पाई। ट्रेन में चढ़ने के बाद वह एसी कोच में खड़ी थी। इसी दौरान टीटीई राहुल कुमार ने उससे पूछताछ की। युवती का आरोप है कि टीटीई ने पहले नाम-पता और परीक्षा से जुड़ी जानकारी ली। इसके बाद टिकट बनाने और सीट देने का भरोसा देकर उसे एसी फर्स्ट क्लास कोच के अपने केबिन में बुलाया। वहां दरवाजा अंदर से बंद कर दिया गया और कुछ देर सामान्य बातचीत के बाद आरोपी ने जबरदस्ती की। विरोध करने पर उसने बिना टिकट यात्रा के मामले में कार्रवाई की धमकी भी दी।
घटना के बाद क्या हुआ?
पीड़िता ने शोर मचाया और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। जैसे ही मामला सामने आया, आरोपी देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। यह घटना इंदारा और देवरिया के बीच की बताई जा रही है।
पुलिस का क्या कहना है?
एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामला देवरिया ट्रांसफर कर दिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



