चंडीगढ़ गैंगवार, लॉरेंस बिश्नोई बनाम गोल्डी बराड़ की दुश्मनी खुलकर सामने
चंडीगढ़ में लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ की दुश्मनी खुलकर सामने आई। इंदरप्रीत पैरी की हत्या ने गैंगवार को और तेज कर दिया। दोनों गैंगों के बीच ऑडियो क्लिप्स में धमकियां जारी हैं।

चंडीगढ़ में बुधवार को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी इंदरप्रीत पैरी की दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग से जुड़े आरज़ू बिश्नोई और हरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली। इसी बीच, पैरी की हत्या पर गोल्डी बराड़ के दो ऑडियो क्लिप सामने आए जिनमें उसने लॉरेंस बिश्नोई को “बदले में हत्या” की धमकी दी है।
गोल्डी बराड़ को हैरी बॉक्सर की चेतावनी
गोल्डी के ऑडियो के बाद लॉरेंस गैंग की ओर से हैरी बॉक्सर का एक नया ऑडियो जारी हुआ है। इस ऑडियो में हैरी ने गोल्डी बराड़ पर पलटवार करते हुए उसे लॉरेंस की “पैरों की धूल” बताया और धमकी दी कि “लॉरेंस भाई ने बनाया है तो मिटाना भी जानते हैं।” फिलहाल, पुलिस दोनों गैंगों के बीच वायरल हो रहे सभी ऑडियो क्लिप्स की जांच कर रही है।
क्यों मारा गया पैरी?
पैरी की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए लॉरेंस गैंग के सदस्य ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि पैरी उनके ग्रुप का “गद्दार” था और गोल्डी या रोहित के कहने पर क्लबों से पैसों की उगाही करवाता था। इसी कारण उसे निशाना बनाया गया। पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि पहले गोल्डी बराड़ की टीम ने उनके सदस्य हरी पर हमला करवाया और बाद में सिप्पा भाई की हत्या करा दी। साथ ही गैंग ने चेतावनी देते हुए कहा कि अब जो भी गोल्डी बराड़ की मदद करेगा चाहे छोटा काम हो या बड़ा, उसे नहीं छोड़ा जाएगा, चाहे वह किसी भी देश में क्यों न हो।



