ग्रेटर नोएडा में पेट्रोल पंप पर बड़ी लापरवाही, गाड़ियों में पानी भरने से 20 वाहन खराब
पेट्रोल की जगह पानी भरने से रास्ते में बंद हुई गाड़ियां टैंक में लीकेज से मिला पानी, जांच में सामने आई लापरवाही करीब 20 वाहन खराब, पेट्रोल पंप ने मुआवजा देने पर मानी बात

Up news: ग्रेटर नोएडा में एक पेट्रोल पंप पर बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां गाड़ियों में पेट्रोल की जगह पानी भर जाने से करीब 20 वाहन खराब हो गए। इस घटना के बाद ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
पेट्रोल भरवाने के बाद रास्ते में बंद हुए वाहन
यह मामला ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर पाई-1 स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप का है। शनिवार दोपहर कई लोग अपनी कार और बाइक में पेट्रोल भरवाकर निकले, लेकिन थोड़ी दूर जाते ही उनके वाहन अचानक बंद हो गए।
जांच में सामने आई बड़ी लापरवाही
वाहन खराब होने के बाद ग्राहक वापस पेट्रोल पंप पहुंचे और शिकायत की। जांच में पता चला कि टैंक में लीकेज के कारण पानी चला गया था, जो पेट्रोल के साथ मिलकर गाड़ियों में भर गया। इसके बाद नाराज लोगों ने पेट्रोल पंप पर हंगामा शुरू कर दिया।
20 वाहन हुए खराब, मुआवजे पर सहमति
इस घटना में करीब 10 कारें और 10 बाइक खराब हो गईं। कई गाड़ियों को मौके पर ही मैकेनिक बुलाकर ठीक कराया गया। ग्राहकों के विरोध के बाद पेट्रोल पंप मैनेजर ने मुआवजा देने की बात मान ली है। जिला पूर्ति विभाग की टीम भी मामले की जांच में जुटी है।
12 हजार लीटर पेट्रोल हुआ खराब
पेट्रोल पंप के कर्मचारी के मुताबिक, एक ट्रक की टक्कर से पाइप टूट गई थी, जिससे बारिश का पानी टैंक में चला गया और करीब 12,000 लीटर पेट्रोल खराब हो गया। फिलहाल टैंक को खाली कर साफ किया जा रहा है और सभी प्रभावित ग्राहकों को मुआवजा दिया जा चुका है।



