ग्रेटर नोएडा में थार का पहिया चोरी, कार सवार चोर वारदात कर फरार
सेक्टर ओमिक्रोन-2 में देर रात चोरों ने थार को बनाया निशाना टायर चोरी कर गाड़ी को ईंटों पर छोड़कर फरार हुए आरोपी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, सुरक्षा पर उठे सवाल

Uttar Pradesh accident: ग्रेटर नोएडा से चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां चोर कार में सवार होकर आए और कुछ ही मिनटों में थार गाड़ी का पहिया चोरी कर फरार हो गए। यह मामला ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमिक्रोन-2 का बताया जा रहा है।
देर रात सेक्टर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच दो अज्ञात चोर बाउंड्री वॉल कूदकर सेक्टर के अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने सी-199 नंबर मकान के सामने खड़ी थार गाड़ी को निशाना बनाया।
टायर चोरी कर ईंटों पर छोड़ी गाड़ी
चोरों ने गाड़ी के दोनों पहिए खोल लिए और टायर निकालने के बाद गाड़ी को ईंटों के सहारे खड़ा कर दिया। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई।
शीशा टूटने की आवाज से जागे लोग
चोरी के दौरान गाड़ी का शीशा टूटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। लोगों की हलचल देखते ही चोर पास ही सड़क पर खड़ी अपनी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले की जांच जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
वहीं, सेक्टर के लोगों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शिकायत की है। उनका कहना है कि बाउंड्री वॉल पर फेंसिंग न होने के कारण असामाजिक तत्व आसानी से सेक्टर में प्रवेश कर जाते हैं। सेक्टरवासियों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जल्द से जल्द फेंसिंग लगाने की मांग की है।



