गोवा नाइट क्लब हादसा: थाईलैंड से भारत लाए गए लूथरा ब्रदर्स, अब गोवा कोर्ट में होगी पेशी

थाईलैंड से भारत लाए गए लूथरा ब्रदर्स पटियाला हाउस कोर्ट से 2 दिन की ट्रांजिट रिमांड अब गोवा में होगी सख्त पूछताछ

गोवा के चर्चित नाइट क्लब अग्निकांड मामले में फरार चल रहे लूथरा ब्रदर्स को आखिरकार भारत वापस लाया गया है। मंगलवार को दोनों भाइयों, गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा — को थाईलैंड से दिल्ली लाया गया, जहां उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को 2 दिन की ट्रांजिट रिमांड पर गोवा पुलिस के हवाले कर दिया। आज गोवा पुलिस दोनों आरोपियों को फ्लाइट से गोवा लेकर पहुंची है। कुछ ही देर में उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसियों का कहना है कि अब तक मिले दस्तावेजों और बयानों से मामले में कई अहम खुलासे हुए हैं और पूछताछ में और भी बड़े तथ्य सामने आ सकते हैं। एयरपोर्ट पर सामने आई तस्वीर गोवा रवाना होने से पहले एयरपोर्ट से लूथरा ब्रदर्स की एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें दोनों सिर झुकाए बैठे नजर आ रहे हैं। उनके साथ गोवा पुलिस के अधिकारी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि कैमरों से बचने के लिए दोनों ने अपना चेहरा नीचे कर लिया।

 

परिजनों से मिलते ही फूट-फूटकर रोए पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई के बाद जब दोनों भाइयों की अपने परिजनों से मुलाकात हुई, तो वे खुद को संभाल नहीं पाए और फूट-फूटकर रो पड़े। परिजनों को देखकर दोनों भावुक हो गए। 6 दिसंबर की रात हुआ था भीषण हादसा गौरतलब है कि 6 दिसंबर 2025 की रात उत्तरी गोवा के आरपोरा गांव स्थित नाइट क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में भीषण आग लग गई थी। आग लकड़ी की छत से शुरू होकर पूरे क्लब में फैल गई थी। इस दर्दनाक हादसे में पर्यटकों और कर्मचारियों समेत 25 लोगों की जान चली गई थी। इस घटना के तुरंत बाद नाइट क्लब के सह-मालिक गौरव और सौरभ लूथरा दिल्ली से थाईलैंड भाग गए थे। हालांकि भारतीय एजेंसियों की सक्रियता के चलते 11 दिसंबर को रॉयल थाई पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पासपोर्ट भी रद्द कर दिए गए थे।

भारत-थाईलैंड तालमेल से मुमकिन हुई वापसी भारत और थाईलैंड के बीच बेहतर समन्वय के चलते आरोपियों को भारत लाया जा सका। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे दोनों को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट लाया गया, जहां गोवा पुलिस पहले से मौजूद थी। मेडिकल जांच और कोर्ट पेशी के बाद अब दोनों से गोवा में सख्त पूछताछ की जाएगी।

Related Articles

Back to top button