गाजियाबाद: सौतेली मां और पिता की हैवानियत, 6 साल की मासूम की पीट-पीटकर हत्या

गाजियाबाद में मासूम बच्ची की मौत ने इंसानियत को झकझोर दिया सौतेली मां और पिता पर बेरहमी से पीटने का आरोप पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार, जांच जारी

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता और सौतेली मां ने मिलकर अपनी ही 6 साल की बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

 

क्या है पूरा मामला?

घटना गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत डासना के बाजीगिरान मोहल्ले की है। पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब पौने एक बजे उन्हें एक बच्ची की मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पिता व सौतेली मां को हिरासत में ले लिया। मृतक बच्ची फिजा के पिता अकरम, जो पैंठ बाजारों में जूते-चप्पल की दुकान लगाता है, अपनी दूसरी पत्नी निशा के साथ रह रहा था। अकरम की पहली पत्नी से तीन बच्चे हैं—फिजा, शिफा और आहिल। आरोप है कि सौतेली मां निशा अक्सर बच्चों के साथ मारपीट करती थी। सोमवार को भी निशा और अकरम ने मिलकर फिजा की बेरहमी से पिटाई की। मारपीट इतनी ज्यादा थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पिता अकरम और सौतेली मां निशा को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

इलाके में आक्रोश और सवाल

इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोग हैरान हैं कि कोई माता-पिता अपने ही बच्चे के साथ इतनी दरिंदगी कैसे कर सकते हैं। जिस उम्र में बच्ची को प्यार और सुरक्षा मिलनी चाहिए थी, उसी उम्र में उसे अपनों की हिंसा का शिकार होना पड़ा।

Related Articles

Back to top button