गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला
दिनदहाड़े घर में हमला, दो बदमाशों ने गर्दन और पेट पर किए वार सलीम खून से लथपथ होकर अस्पताल पहुंचे, हालत गंभीर बनी हुई है पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी, आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं

Up news: गाजियाबाद: लोकप्रिय यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर शुक्रवार सुबह लोनी इलाके में दो लोगों ने दिनदहाड़े हमला कर दिया। हमलावर उनके घर में घुसकर गर्दन और पेट पर बार-बार चाकू से वार करने के बाद फरार हो गए। वास्तिक घायल होकर खून से लथपथ स्थिति में जमीन पर गिर गए, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया।
बेटे ने दर्ज कराया मुकदमा
सलीम वास्तिक के बेटे उस्मान ने भाटी बिल्डर, AIMIM नेता अजगर, अशरफ, शाहरुख और सोनू के खिलाफ लोनी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सलीम की गर्दन और पेट पर गंभीर घाव हैं। गर्दन का ऑपरेशन पहले ही किया जा चुका है और आज पेट का ऑपरेशन होना है।पुलिस ने मामले में कई टीमें लगाई हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सलीम वास्तिक कौन हैं?
सलीम वास्तिक पहले मुस्लिम धर्म मानते थे और मौलवी भी रह चुके हैं। बाद में उन्होंने निजी विचारों के चलते धर्म का त्याग कर दिया और अब किसी धर्म को नहीं मानते। वास्तिक अपने आलोचनात्मक विचारों और खुले बयानों के लिए जाने जाते हैं। उनके दो यूट्यूब चैनल हैं, जिसमें 179 वीडियो और 28.4 हजार से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। जानकारों का कहना है कि इस हमले के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। ऐसे मामले समाज में सवाल उठाते हैं कि एक व्यक्ति को लगातार इस तरह की हिंसा का शिकार क्यों होना पड़ता है।



