क्या मीनाक्षी शर्मा के रहस्यों ने ली इंस्पेक्टर की जान? लग्ज़री लाइफ के पीछे क्या छुपा था सच?
जालौन में इंस्पेक्टर की रहस्यमयी मौत के बाद महिला सिपाही पर बढ़ा शक हाई-फाई लाइफस्टाइल और पुराने विवादों ने बढ़ाए सवाल कॉल डिटेल से खुल सकते हैं कई चौंकाने वाले राज

जालौन के उरई में तैनात महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा (2019 बैच) इन दिनों सुर्खियों में हैं। साधारण पद पर होने के बावजूद उनकी लाइफस्टाइल बाकी महिला सिपाहियों से काफी अलग बताई जाती है। साथी स्टाफ का कहना है कि मीनाक्षी दूसरों से ज्यादा मेलजोल नहीं रखती थीं और ज्यादातर समय अकेले ही रहती थीं। सूत्रों के मुताबिक, सरकारी आवास में AC से लेकर iPhone तक सभी सुविधाएँ उन्होंने जुटा रखी थीं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने 3 लाख रुपये का नेकलेस खरीदा था। इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की संदिग्ध मौत के बाद उनकी पत्नी ने महिला आरक्षी मीनाक्षी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। जांच टीम अब मीनाक्षी की कॉल डिटेल और चैटिंग खंगाल रही है, जो कई राज खोल सकती हैं।
पोस्टमार्टम: दाहिनी कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली
अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम में साफ हुआ है कि कान के ऊपर दाहिनी कनपटी पर पिस्टल सटाकर एक ही गोली चलाई गई, जो बाईं तरफ से निकल गई। घटना के बाद पूरे जिले में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा और लोग अपने-अपने अंदाज़ में इस सनसनीखेज केस के बारे में कयास लगाते रहे।
बहेड़ी में भी रही थीं विवादों में — दूसरी सिपाही के चक्कर में चली थीं गोलियाँ
जांच के दौरान मीनाक्षी के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पता चला कि वह पहले बरेली जिले के बहेड़ी कोतवाली में तैनात रही थीं, जहां उनका नाम फिर चर्चा में आया था। सितंबर 2022 में महिला सिपाही अंशुल को लेकर दो सिपाहियों के बीच थाने के अंदर ही गोलियाँ चल गई थीं। विवाद इतना बढ़ा कि सिपाही मोनू पांडेय ने दराज से रिवॉल्वर निकालकर दो फायर कर दिए। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन मामले में दो इंस्पेक्टर और तीन सिपाही सस्पेंड कर दिए गए थे। नवंबर 2023 में मीनाक्षी बहेड़ी आईं, लेकिन सिर्फ तीन महीने में ही उन्होंने तबादला करा लिया। जांच टीम अब यह भी पता लगा रही है कि इतनी जल्दी बदली क्यों कराई गई थी और उस दौरान उनकी भूमिका क्या थी।



