कुपवाड़ा मुठभेड़, 2 आतंकी ढेर, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
कुपवाड़ा में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, दो आतंकी ढेर ,केरन सेक्टर में घंटों चली मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी , खुफिया इनपुट के बाद पूरे जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट जारी

कुपवाड़ा: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में 2 आतंकी ढेर हो गए, जबकि पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सुरक्षा बल आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्ती से नजर बनाए हुए हैं।
मुठभेड़ का पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में संदिग्ध गतिविधि देख सतर्क जवानों ने आतंकियों को चुनौती दी। इसके बाद आतंकियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू की। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में 2 आतंकवादी मारे गए।
हाल ही में हुई गिरफ्तारियां
श्रीनगर पुलिस ने गुरुवार देर रात ममता चौक, कोनाखान और डलगेट इलाके से 3 आतंकियों को गिरफ्तार किया था। उनकी पहचान शाह मुतैयब, कामरान हसन शाह और मोहम्मद नदीम के रूप में हुई। इनके पास से एक देसी कट्टा और नौ जिंदा कारतूस बरामद हुए।
किश्तवाड़ में भी हुई थी मुठभेड़
इसी महीने किश्तवाड़ जिले के छत्रू इलाके में भी आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें एक जवान घायल हो गया था।
खुफिया रिपोर्ट का खुलासा
नवंबर की शुरुआत में मिली खुफिया रिपोर्ट में पता चला कि पाकिस्तान स्थित आतंकी समूह लश्कर-ए-तैयबा (LeT) और जैश-ए-मोहम्मद (JeM) जम्मू-कश्मीर में हमलों की साजिश रच रहे हैं। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के छह महीने बाद भी आतंकवादी सक्रिय हैं, लेकिन सुरक्षा बल अलर्ट मोड पर हैं और हर प्रयास को नाकाम कर रहे हैं।
गौरतलब: ऑपरेशन सिंदूर के बाद से जम्मू-कश्मीर में आतंकियों में डर का माहौल है। वे किसी भी हमले से पहले अब सतर्क कदम उठा रहे हैं।



