ओटावा दौरे पर NSA अजीत डोवल, कनाडा के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों से की अहम बातचीत
NSA अजीत डोवल का कनाडा दौरा, सुरक्षा सहयोग पर अहम बातचीत हिंसक चरमपंथ पर कनाडा का बड़ा संदेश, समर्थन से इनकार लायजन ऑफिसर नियुक्ति और साइबर सुरक्षा सहयोग पर सहमति

Ajeet doval: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोवल ने 6–7 फरवरी 2026 के दौरान कनाडा की राजधानी ओटावा का दौरा किया। इस दौरान 7 फरवरी को उन्होंने कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय की डिप्टी क्लर्क और राष्ट्रीय सुरक्षा एवं खुफिया सलाहकार नथाली ड्रुइन से मुलाकात की। इस बैठक से एक अहम संदेश सामने आया कि कनाडा सरकार हिंसक चरमपंथी समूहों को किसी भी तरह का समर्थन नहीं देती।
द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग पर चर्चा
बैठक में दोनों देशों ने अपने नागरिकों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी पहलों में हुई प्रगति की सराहना की। यह बातचीत भारत और कनाडा के बीच नियमित द्विपक्षीय सुरक्षा संवाद का हिस्सा थी। दोनों पक्षों ने राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून-प्रवर्तन से जुड़े मामलों में सहयोग को और मजबूत करने के लिए एक साझा कार्ययोजना पर सहमति जताई, ताकि प्राथमिकताओं के अनुसार व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाया जा सके।
संपर्क अधिकारी नियुक्त करने पर सहमति
बैठक में यह भी तय किया गया कि भारत और कनाडा एक-दूसरे के यहां सुरक्षा और कानून-प्रवर्तन संपर्क अधिकारी (लायजन ऑफिसर) नियुक्त करेंगे। इससे आपसी संवाद को तेज करने और समय पर सूचना साझा करने में मदद मिलेगी। खास तौर पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी विशेषकर फेंटानिल के प्रीकर्सर और सीमा पार संगठित अपराध नेटवर्क से निपटने में सहयोग को मजबूत किया जाएगा। इसके अलावा, दोनों देशों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए औपचारिक सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई। साथ ही, घरेलू कानूनों और अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के तहत धोखाधड़ी और आव्रजन प्रवर्तन से जुड़े मामलों में सहयोग जारी रखने पर चर्चा हुई। गौरतलब है कि इससे पहले 6 फरवरी 2026 को NSA अजीत डोवल ने कनाडा के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री गैरी अनंदासंगरी से भी मुलाकात की थी।



