उरी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सुरक्षाबलों ने पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया
उरी सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सुरक्षाबलों ने पाकिस्तानी आतंकी को किया ढेर LoC के पास बुच्छार इलाके में सेना और पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन, हथियार बरामद सांबा में पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि के बाद सीमावर्ती गांवों में व्यापक तलाशी अभियान

Jammu kashmir: जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नियंत्रण रेखा (LoC) के पास बुच्छार इलाके में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी आतंकवादी को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराया। सेना के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस को उरी सेक्टर के बुच्छार इलाके में आतंकवादियों की घुसपैठ की पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इस इनपुट के आधार पर सेना और पुलिस ने 14 और 15 मार्च 2026 की रात संयुक्त रूप से घेराबंदी और तलाशी अभियान (Cordon and Search Operation) शुरू किया।
मुठभेड़ में मारा गया आतंकी
ऑपरेशन के दौरान जवानों को घने जंगलों में एक संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। सुरक्षाबलों ने तुरंत अपनी पोजिशन बदली और संदिग्ध को ललकारा। खुद को घिरा हुआ देखकर आतंकवादी ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने सटीक निशाना लगाते हुए उसे ढेर कर दिया।
हथियार और गोला-बारूद बरामद
मारे गए आतंकवादी के पास से पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद सहित युद्ध सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है, क्योंकि आशंका है कि इलाके में और भी आतंकवादी छिपे हो सकते हैं। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है।
सांबा में ड्रोन दिखने के बाद तलाशी अभियान
उधर, जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में भी सुरक्षा बलों ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया है। अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार देर रात रामगढ़ सेक्टर के कंद्राल, अब्ताल और बहादुरपुर गांवों के ऊपर कुछ मिनट तक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधि देखी गई। इसके बाद पूरे इलाके को अलर्ट पर रखा गया और शनिवार सुबह होते ही यह सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया कि कहीं सीमा पार से हथियार या मादक पदार्थों की खेप तो नहीं गिराई गई है।



