आदर्श नगर मेट्रो स्टाफ क्वार्टर में भीषण आग, पति-पत्नी और 10 साल की बच्ची की मौत
आदर्श नगर मेट्रो स्टाफ क्वार्टर में लगी भीषण आग पति-पत्नी और 10 साल की बच्ची की जलकर दर्दनाक मौत दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर, पुलिस कर रही जांच

Delhi metro: दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में स्थित दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के स्टाफ क्वार्टर में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। आग की इस घटना में पति-पत्नी और उनकी मासूम बेटी जिंदा जल गई। तीनों के शव जली हुई हालत में बरामद किए गए हैं। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
रात 2:39 बजे मिली आग की सूचना
दमकल विभाग के अनुसार, रात 2:39 बजे DMRC क्वार्टर के एक फ्लैट में घरेलू सामान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग क्वार्टर की पांचवीं मंज़िल पर लगी थी।
फ्लैट के अंदर मिले तीनों के शव
जब दमकल कर्मी आग बुझाकर फ्लैट के अंदर पहुंचे, तो वहां तीन लोगों के शव जली हुई अवस्था में मिले। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय अजय, उनकी 38 वर्षीय पत्नी नीलम और 10 वर्षीय बेटी जान्हवी के रूप में हुई है।
मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास है क्वार्टर
बताया जा रहा है कि यह DMRC स्टाफ क्वार्टर मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
दिसंबर 2025 में भी हो चुकी है ऐसी ही घटना
गौरतलब है कि दिसंबर 2025 के शुरुआती हफ्ते में भी दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई थी। वहां एक दुकान में लगी आग के कारण 31 वर्षीय विनीत और उनकी पत्नी रेनू की दम घुटने से मौत हो गई थी।दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के रहने वाले थे और उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 10 और 8 साल है। आग लगने के दौरान पति-पत्नी दुकान से बाहर नहीं निकल पाए और अंदर ही फंस गए, जिससे उनकी जान चली गई।



