अमेरिका में भारतीय युवती निकिता गोदिशाला की हत्या, 911 कॉल कर भारत भागा आरोपी अर्जुन शर्मा

न्यू ईयर ईव पर हत्या, तीन दिन तक फ्लैट में पड़ा रहा निकिता का शव 911 पर झूठी गुमशुदगी की कॉल, शिकायत के बाद सीधे भारत की उड़ान इंटरपोल की मदद से तमिलनाडु से गिरफ्तारी, प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू

USA: अमेरिका के मैरीलैंड राज्य से भारतीय समुदाय को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। भारतीय मूल की 27 वर्षीय युवती निकिता गोदिशाला की हत्या के मामले में आरोपी अर्जुन शर्मा की भूमिका को लेकर अमेरिकी जांच एजेंसियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और फिर भारत फरार हो गया।

 

न्यू ईयर ईव पर हत्या, तीन दिन तक फ्लैट में पड़ा रहा शव

पुलिस के अनुसार, निकिता गोदिशाला की हत्या 31 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे की गई। उनका शव तीन जनवरी को मैरीलैंड के कोलंबिया शहर में स्थित उस अपार्टमेंट से बरामद हुआ, जो अर्जुन शर्मा के नाम पर रजिस्टर्ड था। जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद निकिता का शव करीब तीन दिन तक उसी फ्लैट में पड़ा रहा, जबकि इस दौरान आरोपी अमेरिका छोड़ चुका था।

 

911 कॉल से गुमराह करने की कोशिश, फिर भारत की उड़ान

अमेरिकी जांच एजेंसियों के मुताबिक, दो जनवरी को अर्जुन शर्मा ने 911 पर कॉल कर निकिता के लापता होने की झूठी सूचना दी। उसने दावा किया कि उसने आखिरी बार निकिता को न्यू ईयर ईव पर देखा था। हालांकि, कॉल रिकॉर्ड और ट्रैवल डिटेल्स की जांच में सामने आया कि शिकायत दर्ज कराने के कुछ ही समय बाद वह वर्जीनिया के डलेस इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भारत के लिए रवाना हो गया। इस घटनाक्रम ने पुलिस के शक को और मजबूत कर दिया।

 

इंटरपोल की मदद से तमिलनाडु में गिरफ्तारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी संघीय एजेंसियों ने इंटरपोल और भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसके बाद अर्जुन शर्मा को पांच जनवरी को तमिलनाडु से गिरफ्तार कर लिया गया। मैरीलैंड के हावर्ड काउंटी के जांच अधिकारियों ने उस पर फर्स्ट और सेकेंड डिग्री मर्डर के आरोप लगाए हैं। अब आरोपी को अमेरिका लाने के लिए औपचारिक प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

 

पैसों के लेनदेन भी जांच के दायरे में

हत्या के इस मामले में आर्थिक लेनदेन को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। निकिता की बहन सरस्वती ने आरोप लगाया है कि अर्जुन शर्मा ने फरार होने से पहले निकिता के बैंक खाते से करीब 3,500 अमेरिकी डॉलर का अनधिकृत ट्रांजैक्शन किया।परिवार का यह भी कहना है कि आरोपी लगातार पैसों की मांग कर रहा था और उस पर परिवार के लगभग 4,500 अमेरिकी डॉलर बकाया थे। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है।

 

रिश्ते को लेकर अलग-अलग दावे

जहां अमेरिकी जांच एजेंसियां अर्जुन शर्मा को निकिता का पूर्व प्रेमी बता रही हैं, वहीं परिवार इस दावे से सहमत नहीं है। निकिता के पिता आनंद गोदिशाला का कहना है कि अर्जुन शर्मा उसकी पूर्व रूममेट था, न कि प्रेमी। उन्होंने कहा, “जिस व्यक्ति ने खुद गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और फिर देश छोड़ दिया, वही सबसे बड़ा संदिग्ध है। उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।” उन्होंने यह भी बताया कि 31 दिसंबर को निकिता ने उनसे आखिरी बार बात की थी और नए साल की शुभकामनाएं दी थीं।

 

प्रोफेशनल पहचान और परिवार की अपील

निकिता गोदिशाला मैरीलैंड में डेटा एनालिस्ट के रूप में कार्यरत थीं और वहेडा हेल्थ में एक मेहनती और सम्मानित प्रोफेशनल के तौर पर जानी जाती थीं। हाल ही में उन्हें उनके कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया था। परिवार ने भारत सरकार और तेलंगाना सरकार से अपील की है कि निकिता के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए और पूरे मामले में कानूनी सहयोग सुनिश्चित किया जाए।

Related Articles

Back to top button