हिसार में क्रिसमस के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा, चर्च के बाहर पुलिस तैनात
क्रिसमस पर हिसार के 160 साल पुराने चर्च के बाहर धार्मिक कार्यक्रम को लेकर बढ़ा विवाद विहिप और बजरंग दल के कार्यक्रम के चलते चर्च और क्रांतिमान पार्क में कड़ी सुरक्षा एक ही जगह दो बड़े आयोजनों के चलते 250 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

VHP: क्रिसमस के मौके पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल द्वारा हिसार के 160 साल पुराने सेंट थॉमस चर्च के पास धार्मिक कार्यक्रम की घोषणा के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। संभावित विवाद को देखते हुए चर्च और उसके आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एहतियातन वज्र वाहन, वॉटर कैनन और पुलिस की तीन कंपनियां इलाके में लगाई गई हैं। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।
चर्च के सामने कार्यक्रम को लेकर विवाद
दरअसल, क्रिसमस के दिन विहिप और बजरंग दल की ओर से ‘हिंदू शक्ति संगम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इस कार्यक्रम को लेकर विवाद तब खड़ा हुआ जब हिंदू संगठनों ने चर्च के सामने हवन-यज्ञ और हनुमान चालीसा पाठ करने की बात कही। शहर के कई लोगों और संगठनों ने इसका विरोध करते हुए कार्यक्रम को रद्द करने की मांग की है। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने दो डीएसपी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है और तीन पुलिस कंपनियों की तैनाती की गई है। वहीं नगर निगम ने कार्यक्रम से जुड़े पोस्टर हटवा दिए हैं, जबकि लगाए गए झंडों को हटाने की मांग भी उठ रही है।
क्रांतिमान पार्क में होगा ‘हिंदू शक्ति संगम’
प्रशासन के अनुसार, विहिप और बजरंग दल का ‘हिंदू शक्ति संगम’ कार्यक्रम चर्च के सामने स्थित क्रांतिमान पार्क में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम गुरुवार दोपहर को शुरू होगा, जिसमें बजरंग दल के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। मटका चौक स्थित चर्च के सामने बने इस पार्क में स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान दिवस पर हवन-यज्ञ और श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक हनुमान चालीसा पाठ किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। कार्यक्रम में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक किशन प्रजापति के पहुंचने की भी जानकारी है।
एक ही स्थान पर दो बड़े आयोजन
उधर, सेंट थॉमस चर्च में भी 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। एक ही स्थान पर दो बड़े आयोजनों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
250 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
हिसार पुलिस के अनुसार, क्रांतिमान पार्क और चर्च परिसर के अंदर व आसपास करीब 250 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसमें दो डीएसपी, दो इंस्पेक्टर और 40 से 50 महिला पुलिस अधिकारी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।



