सोना-चांदी में जबरदस्त वापसी, एक दिन में हजारों की तेजी से निवेशकों को राहत
ब्लैक थर्सडे के बाद बाजार में लौटी तेजी, सोना 1.5 लाख के करीब चांदी में सबसे बड़ा उछाल, एक दिन में 6,000 रुपये से ज्यादा की बढ़त मिडिल ईस्ट तनाव और डॉलर की कमजोरी से बढ़ी सेफ हेवन डिमांड

सोने और चांदी में आई कल की भारी गिरावट के बाद आज बाजार ने राहत की सांस ली है। शुक्रवार को सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में अच्छी रिकवरी देखने को मिली। 24 कैरेट सोना आज 1,47,660 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जो कल के मुकाबले 2,737 रुपये महंगा है। हालांकि सोना अभी भी 1.5 लाख रुपये के स्तर से नीचे बना हुआ है, जिससे खरीदारी के लिए मौका बनता दिख रहा है।
चांदी में जोरदार उछाल
चांदी की बात करें तो इसमें आज जबरदस्त तेजी देखने को मिली। चांदी 2,37,678 रुपये प्रति किलो के स्तर पर ट्रेड कर रही है, यानी एक दिन में ही 6,387 रुपये की बढ़त हुई है। 29 जनवरी को चांदी 4.20 लाख रुपये प्रति किलो के हाई तक पहुंची थी, जिसके मुकाबले अभी भी यह काफी सस्ती मिल रही है। इससे इंडस्ट्रियल डिमांड बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
क्यों बढ़े दाम?
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कल की बड़ी गिरावट के बाद निवेशकों ने निचले स्तर पर जमकर खरीदारी की, जिससे कीमतों को सपोर्ट मिला। इसके अलावा मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और अमेरिकी फेड रिजर्व की तरफ से ब्याज दरों में कटौती के संकेतों ने सोने को एक बार फिर ‘सेफ हेवन’ बना दिया है। रुपये में उतार-चढ़ाव भी घरेलू कीमतों को प्रभावित कर रहा है।
प्रमुख शहरों में आज का रेट (24K सोना / चांदी)
दिल्ली: सोना 1,48,250 रुपये | चांदी 2,38,500 रुपये, मुंबई: सोना 1,47,660 रुपये | चांदी 2,37,678 रुपये, चेन्नई: सोना 1,49,100 रुपये | चांदी 2,39,800 रुपये, कोलकाता: सोना 1,47,800 रुपये | चांदी 2,37,900 रुपये
निवेशकों के लिए क्या है संकेत?
विशेषज्ञ मानते हैं कि जब तक पश्चिम एशिया में तनाव बना रहेगा, तब तक सोना-चांदी में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। लंबे समय के निवेशकों के लिए गिरावट पर खरीदारी (Buy on Dip) की रणनीति फायदेमंद हो सकती है।



