सांबा में तीन संदिग्ध दिखने से अलर्ट, सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी
गांव के पास सूखे नाले किनारे दिखे तीन संदिग्ध एक व्यक्ति के पास भारी बैग, बढ़ी सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी, लोगों को अलर्ट रहने की सलाह

Jammu kashmir: जम्मू-कश्मीर के सांबा जिला में रविवार को उस समय हलचल बढ़ गई, जब एक गांव में तीन संदिग्ध लोगों के देखे जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
ग्रामीण की सूचना से मचा हड़कंप
दरुई क्षेत्र के बेध खड्ड के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उसने सूख चुके नाले के पास तीन अज्ञात लोगों को देखा। इनमें से एक व्यक्ति के पास भारी बैग था, जिससे शक और गहरा हो गया।
हथियार नहीं दिखे, फिर भी सतर्कता
अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्धों के पास कोई हथियार नजर नहीं आए, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें संभावित आतंकी मानते हुए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने सेना और अर्द्धसैनिक बलों के साथ मिलकर इलाके को घेर लिया है।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
पूरे गांव और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अब तक संदिग्धों का कोई सुराग नहीं मिला है। स्थानीय लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और किसी भी अनजान व्यक्ति को शरण न देने की अपील की गई है।



