लोकसभा चुनाव की वोटिंग खत्म, आखिरी चरण में 7 राज्यों में पड़े वोट

लोकसभा चुनाव का आज अंतिम चरण भी पूरा हो गया है | पूरे देश भर में सात चरणों में वोटिंग हुई | प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी ने और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने सभी लोगो से अपील की थी कि ज्यादा से ज्यादा लोग वोट करें | आंकड़ों की बात करे तो लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में आज सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की 59 सीटों पर शाम छह बजे तक 60.21 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। हालांकि अंतिम मत प्रतिशत में अभी कुछ बदलाव हो सकता है। चुनाव आयोग के मुताबिक, बिहार में 49.92 फीसदी, हिमाचल प्रदेश में 66.18, मध्य प्रदेश में 69.38, पंजाब में 58.81, उत्तर प्रदेश में 54.37, पश्चिम बंगाल में 73.05, झारखंड में 70.5 और चंडीगढ़ में 63.57 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। लोकसभा चुनाव के नतीजों का ऐलान 23 मई को होगा।

सातवें चरण में उत्तर प्रदेश की 13, बिहार और मध्य प्रदेश की आठ-आठ, पश्चिम बंगाल की नौ, झारखंड की तीन, हिमाचल प्रदेश की चार, चंडीगढ़ की एक और पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। छह राज्यों में संसदीय सीटों के कई बूथों और दो विधानसभा क्षेत्रों में पुन: मतदान भी हो रहा है। इन सीटों में केरल की कन्नूर और कासरगोड, तमिलनाडु की धर्मपुरी, थेनी, तिरुवल्लूर, कुड्डलोर और ईरोड, हरियाणा की फरीदाबाद, उत्तर प्रदेश की आजमगढ़, पश्चिम बंगाल की बांकुरा, आंध्र प्रदेश की चित्तूर संसदीय सीट और चंदगिरी विधानसभा सीट व ओडिशा जिले के 34 विधानसभा प्रखंड शामिल हैं। तमिलनाडु में चार विधानसभा सीटों पर, कर्नाटक में दो और पणजी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इस चरण में 10.1 करोड़ से अधिक मतदाता हैं।

Related Articles

Back to top button