रायपुर में खेलते-खेलते कारोबारी की अचानक मौत

रायपुर के ओपन बैडमिंटन कोर्ट में हादसा 57 वर्षीय कारोबारी की खेलते-खेलते मौत स्वास्थ्य और सतर्कता का संदेश

रायपुर: मौत का कोई पता नहीं होता, और हाल ही में इसका दर्दनाक उदाहरण सामने आया है। शहर के डीडी नगर थाना क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी ग्राउंड में 57 वर्षीय कारोबारी अमृत बजाज बैडमिंटन खेल रहे थे, तभी अचानक उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अमृत बजाज शटल कॉक उठाने के लिए झुके और उसी समय अचानक मैदान में धड़ाम से गिर पड़े। मौके का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। परिवार के अनुसार, वे शुगर पेशेंट थे, लेकिन अपने स्वास्थ्य का खास ख्याल रखते थे और नियमित व्यायाम व बैडमिंटन खेलते थे।

 

अनुशासित जीवनशैली के बावजूद हादसा

परिवार ने बताया कि अमृत बजाज का जीवन काफी अनुशासित था। कोरोना काल के बाद उन्होंने फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया था, वे दुर्व्यसनों से दूर रहते थे और स्वास्थ्य को लेकर सजग थे। रायपुर के ओपन बैडमिंटन कोर्ट में यह पहली बड़ी ऐसी घटना मानी जा रही है। इससे पहले मई 2025 में भी सप्रे बैडमिंटन कोर्ट पर खेलते समय 35 वर्षीय युवक की अचानक मौत हुई थी।

 

डॉक्टरों की सलाह: खेलते समय सतर्क रहें

हृदय रोग विशेषज्ञों का कहना है कि कार्डियक अरेस्ट के दौरान हृदय अचानक काम करना बंद कर देता है। ऐसे मामलों में तुरंत सीपीआर और आपात चिकित्सा उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। विशेष रूप से 40 साल से अधिक उम्र के लोगों को अपने दिल का ख्याल रखना चाहिए। खेल या व्यायाम के दौरान यदि सीने में दर्द, अत्यधिक पसीना, घबराहट, सांस फूलना या चक्कर जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। यह जानलेवा अटैक रोकने में मदद कर सकता है।

Related Articles

Back to top button