यूपी विधानसभा बजट सत्र के पहले दिन हंगामा, राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष का विरोध
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपा विधायकों की नारेबाजी, सदन में भारी हंगामा सीएम योगी बोले– सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार, भाजपा विधायकों का पलटवार मणिकर्णिका घाट ध्वस्तीकरण और PDA मुद्दे को लेकर सपा का विधानसभा परिसर में प्रदर्शन

Up news: उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो गया है। सत्र के पहले दिन राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के अभिभाषण के दौरान विधानसभा में जमकर हंगामा देखने को मिला। अभिभाषण के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने नारेबाजी और शोर-शराबा शुरू कर दिया, जिससे सदन का माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
सभी मुद्दों पर चर्चा को तैयार है सरकार – सीएम योगी
सदन में हो रहे हंगामे के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष को जवाब देते हुए कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। सीएम योगी ने मुस्कुराते हुए मेज थपथपाई और विपक्ष से बहस के लिए आगे आने की बात कही। इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत भाजपा विधायकों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए।
विधानसभा परिसर में सपा विधायकों का प्रदर्शन
सदन के अंदर हंगामे के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा परिसर में भी प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर सपा विधायकों ने योगी सरकार पर जन-विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि भाजपा सरकार PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों को कमजोर कर रही है।
मणिकर्णिका घाट के ध्वस्तीकरण का मुद्दा उठा
सपा विधायक सचिन यादव ने रानी अहिल्याबाई होल्कर का पोस्टर हाथ में लेकर वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर हुए ध्वस्तीकरण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने रानी अहिल्याबाई होल्कर का अपमान किया है, जिन्होंने करीब 300 साल पहले काशी के घाटों के विकास में अहम भूमिका निभाई थी।



