बस्ती में सनसनी, सिरफिरे आशिक ने 12वीं की छात्रा को घर में घुसकर मारी गोली
आधी रात घर में घुसकर 12वीं की छात्रा की गोली मारकर हत्या फोटो-वीडियो वायरल करने के मामले में पहले से दर्ज था मुकदमा बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही थी छात्रा, आरोपी अब भी फरार

Up news: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कलवारी थाना क्षेत्र के बैडारी एहतमाली गांव में एक सिरफिरे युवक ने आधी रात घर में घुसकर 12वीं की छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने सो रही छात्रा के सिर और सीने में दो गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आधी रात घर में घुसा, ताबड़तोड़ की फायरिंग
घटना सोमवार रात करीब 1 बजे की है। मृतिका अनुष्का अपने भाई अवनीश के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला मंदीप अवैध असलहा लेकर घर में घुस आया। बताया जा रहा है कि अनुष्का गहरी नींद में थी, तभी आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पहली गोली उसके सिर में और दूसरी सीने में लगी। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए। भाई ने शोर मचाया तो बाहर सो रही मां दौड़कर आईं। आरोपी ने उन पर भी असलहा तानकर फायर किया, लेकिन गोली मिस हो गई। इसके बाद वह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पहले वायरल किए थे फोटो-वीडियो, केस दर्ज था
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले छात्रा को बहला-फुसलाकर उससे संबंध बनाए और उसके फोटो-वीडियो बना लिए। जब लड़की ने उससे दूरी बनानी शुरू की तो 18 दिसंबर 2025 को उसने तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। इस मामले में परिजनों की शिकायत पर कलवारी थाने में आईटी एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। बताया जा रहा है कि अचानक गांव लौटकर उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रही थी अनुष्का
अनुष्का 12वीं की छात्रा थी और इन दिनों बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटी थी। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का बयान
एएसपी श्यामाकांत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



