प्रयागराज में आशुतोष ब्रह्मचारी पर जानलेवा हमला, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर साजिश का आरोप

ट्रेन में आशुतोष ब्रह्मचारी पर धारदार हथियार से हमला हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाया आरोप नाक काटने पर 21 लाख के इनाम का भी किया दावा

प्रयागराज: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ कोर्ट में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर ट्रेन के अंदर जानलेवा हमला हुआ है। जानकारी के मुताबिक वह रीवा एक्सप्रेस से प्रयागराज आ रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर और कौशांबी जिले के बीच सिराथू रेलवे स्टेशन के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले के दौरान आशुतोष ब्रह्मचारी ने खुद को ट्रेन के टॉयलेट में बंद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। इस हमले में उन्हें कई जगह चोटें आईं और वह लहूलुहान हालत में प्रयागराज पहुंचे। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाया आरोप

पत्रकारों से बातचीत में आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर शक जताया है। उनका कहना है कि हमलावर उनकी नाक काटना चाहता था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला साजिश के तहत कराया गया है।घटना के बाद उन्होंने प्रयागराज जंक्शन स्थित जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसके बाद उनका मेडिकल प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल में कराया गया। बताया जा रहा है कि वह गाजियाबाद से रीवा एक्सप्रेस में सवार होकर प्रयागराज आ रहे थे, तभी ट्रेन के अंदर उन पर हमला किया गया।

 

केस दर्ज कराने का किया जिक्र

आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया कि मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े मामले की सुनवाई 12 मार्च को इलाहाबाद हाईकोर्ट में होनी है। इसके अलावा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाए गए यौन शोषण के आरोपों को लेकर भी हाईकोर्ट में जवाब दाखिल किया जाना है। इन्हीं मामलों की पैरवी के लिए वह प्रयागराज आ रहे थे। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में उनकी नाक काटने के लिए 21 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आशुतोष ब्रह्मचारी का कहना है कि हमलावर ने हमला करते वक्त कहा कि “तुमने हमारे गुरु के खिलाफ केस दर्ज कराया है, तुम्हें जान से मार देंगे।”

 

सुरक्षा की मांग

घटना के बाद जीआरपी की कई टीमें हमलावर की पहचान करने में जुट गई हैं। सिराथू रेलवे स्टेशन के आसपास भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने आशुतोष ब्रह्मचारी से हमलावर के बारे में कई अहम जानकारी ली है। पुलिस को शक है कि हमला करने वाला व्यक्ति नशे की हालत में भी हो सकता है। वहीं आशुतोष ब्रह्मचारी ने इस घटना के बाद अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि जिस तरह से उनकी नाक काटने पर इनाम की बात सामने आई है, उसे देखते हुए उन्हें आगे भी खतरा बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button