पटना गर्ल्स हॉस्टल केस: NEET की तैयारी कर रही छात्रा की मौत पर SIT ने लिए छह संदिग्धों के डीएनए सैंपल

NEET की तैयारी कर रही छात्रा की मौत मामले में SIT की जांच तेज FSL रिपोर्ट में मेल स्पर्म की पुष्टि के बाद छह संदिग्धों के डीएनए सैंपल डीएनए रिपोर्ट से हो सकते हैं बड़े खुलासे, जांच जारी

Bihar news: पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही छात्रा की मौत से जुड़े मामले की जांच अब तेज हो गई है। इस मामले में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने अहम कदम उठाते हुए छह संदिग्धों के डीएनए सैंपल लिए हैं। यह कार्रवाई अस्पताल में जज और मेडिकल टीम की मौजूदगी में की गई, हालांकि पुलिस ने फिलहाल संदिग्धों की पहचान उजागर नहीं की है।

 

FSL रिपोर्ट से जांच को मिली दिशा

जांच में उस वक्त बड़ा मोड़ आया, जब फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की रिपोर्ट सामने आई। रिपोर्ट में छात्रा के अंडरगारमेंट्स में मेल स्पर्म की पुष्टि हुई थी। इसके बाद जांच एजेंसियों ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए अपनी कार्रवाई तेज कर दी।

 

छह संदिग्धों के डीएनए सैंपल लिए गए

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छह संदिग्धों के डीएनए सैंपल एकत्र किए गए हैं और उन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद मामले में अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। SIT हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके।

 

क्या है पूरा मामला?

जहानाबाद की रहने वाली 18 वर्षीय छात्रा इस महीने की शुरुआत में पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में बेहोशी की हालत में पाई गई थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह कई दिनों तक कोमा में रही। 11 जनवरी को एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

छात्रा के परिजनों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस पर मामले को दबाने की कोशिश करने का भी दावा किया था। इन आरोपों के बाद सरकार की ओर से SIT का गठन किया गया। जांच के तहत हॉस्टल परिसर को सील कर दिया गया है और SIT ने छात्रा के गृह जिले जहानाबाद जाकर परिजनों से मुलाकात भी की थी।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि छात्रा की मौत अत्यधिक मात्रा में नींद की गोलियां खाने से हुई थी। मामले को लेकर राजधानी पटना में विरोध प्रदर्शन भी हुए थे, जिसके बाद पुलिस ने हॉस्टल के मालिक को गिरफ्तार किया। फिलहाल SIT की जांच जारी है और डीएनए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मामले की सच्चाई पूरी तरह सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button