देवरिया में अनोखी शादी, दोस्तों ने किया कमाल, 30 ई-रिक्शों में निकली बारात
गरीबी के बीच दोस्तों ने निभाई सच्ची दोस्ती 30 ई-रिक्शों में निकली अनोखी बारात देवरिया की ये शादी बनी पूरे इलाके में चर्चा का विषय

यूपी के देवरिया में हुई एक अलग तरह की शादी इन दिनों खूब चर्चा बटोर रही है। यहां एक गरीब परिवार के युवक की शादी थी, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण बारात के लिए गाड़ियों का इंतज़ाम करना मुश्किल हो गया। ऐसे में उसके दोस्तों ने आगे बढ़कर पूरी मदद की और 30 ई-रिक्शों का इंतज़ाम कर डाला। दूल्हा भी दोस्तों की इस मदद से खुश होकर झूम उठा। स्थानीय लोग कह रहे हैं, “जिंदगी में अच्छे दोस्त हों तो कोई भी मुश्किल बड़ी नहीं होती।”
क्या है पूरा मामला?
मामला देवरिया जिले के खुखुंदू का है। यहां भटहर मोहल्ले में रहने वाले स्वर्गीय राम अवतार प्रसाद के बेटे दुर्गेश प्रसाद की शादी थी। गरीब परिवार होने के बावजूद गांववालों और दोस्तों ने ऐसा सहयोग दिखाया कि बारात एकदम शान से निकली। जैसे ही ई-रिक्शों पर सजी ये अनोखी बारात निकली, लोग सड़क किनारे जमा हो गए। एक साथ 30 से ज्यादा ई-रिक्शों में आती बारात को देखकर हर कोई हैरान भी हुआ और खुश भी।
दूल्हा क्या करता है?
दूल्हा दुर्गेश कुमार मजदूरी करके अपने परिवार का गुज़ारा करता है। उनकी शादी डुमरिया लाला गांव की कुमारी शिल्पी से तय थी। आर्थिक तंगी के कारण गाड़ियों का इंतज़ाम संभव नहीं था, लेकिन दोस्तों ने पहल करके ई-रिक्शों की व्यवस्था कर दी।करीब 100 बाराती इस अनोखी बारात में शामिल हुए और सभी ई-रिक्शा यात्रा का खूब आनंद लेते दिखे। महंगाई के दौर में यह शादी सबके लिए मिसाल बन गई, कम साधनों में भी खुशी और जज्बे से शादी को यादगार बनाया जा सकता है।



