दिल्ली में नवजात शिशु का अपहरण, पुलिस जुटी बचाव में
दिल्ली रोहिणी अस्पताल से नवजात शिशु का अपहरण, पुलिस लगातार तलाश में जुटी

Delhi news: राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। रोहिणी सेक्टर 6 स्थित बाबा साहब अंबेडकर हॉस्पिटल से नवजात शिशु का अपहरण किया गया। पीड़ित परिवार ने मंगलवार सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है और बच्चे को खोजने में जुट गई है।
पूरा मामला क्या है?
पुलिस के अनुसार, मंगलवार 17 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 9 बजे थाना नॉर्थ रोहिणी को पीसीआर कॉल मिली। कॉल में बताया गया कि अस्पताल के लेबर रूम से एक नवजात शिशु अपहृत हुआ है। शिकायतकर्ता शाहीन (पति जाकिर अली, निवासी नरेला, दिल्ली) ने बताया कि उन्हें 12 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 14 फरवरी को उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया।
बच्चे का अपहरण कैसे हुआ?
शाहीन ने बताया कि अस्पताल में एक अज्ञात महिला, उम्र लगभग 30 साल, लगातार उनसे मिलने आती रही और उनका विश्वास जीतने में सफल रही। 17 फरवरी को सुबह लगभग 5 बजे महिला ने दूध पिलाने का बहाना बनाकर नवजात को अपने साथ ले लिया। जब सुबह 8 बजे शाहीन जागी, तो महिला और बच्चा दोनों गायब थे। इसके बाद पति ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने क्या कदम उठाए?
FIR संख्या 70/2026 दिनांक 17.02.2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें आरोपी महिला बच्चे के साथ जाती हुई दिखाई दे रही है। अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस लगातार प्रयास कर रही है कि आरोपी महिला की पहचान कर अपहृत नवजात शिशु को जल्द से जल्द सुरक्षित ढंग से परिवार के पास लौटाया जा सके।



