दिल्ली के पीरागढ़ी में कार से मिले तीन शव, महिला और पुरुष के करीबी रिश्ते की जांच

पीरागढ़ी में कार से तीन शव मिलने से इलाके में मचा हड़कंप महिला और पुरुष के करीबी रिश्ते को लेकर पुलिस की जांच तेज शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका, कई एंगल से पड़ताल

Delhi news: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में रविवार को एक कार के अंदर से तीन लोगों के शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस इस मामले में दो लोगों से पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आया है कि कार में मृत पाई गई महिला लक्ष्मी देवी, मृतक शिव नरेश सिंह की जानकार थी। पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच करीबी संबंध थे, जिसे जांच का अहम पहलू माना जा रहा है।

 

तीनों मृतकों की पहचान

कार के अंदर मिले शवों की पहचान 76 वर्षीय रणधीर, 40 वर्षीय लक्ष्मी देवी और 47 वर्षीय शिव नरेश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि रणधीर और शिव नरेश पिछले करीब छह साल से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम कर रहे थे और एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे।

 

आत्महत्या की आशंका, कई एंगल से जांच

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है। कार की पिछली सीट से शिव नरेश का हेलमेट और ट्रैक सूट बरामद हुआ है, जो जांच में अहम माना जा रहा है।

 

शिव नरेश की बाइक लापता, एटा का रहने वाला था मृतक

पुलिस के मुताबिक, शिव नरेश की बाइक का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा जिले का रहने वाला था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button