दिल्ली के अंधेरिया मोड़ स्थित नेचर बाजार में भीषण आग, 40 दुकानें जलकर खाक
नेचर बाजार में सुबह-सुबह लगी भीषण आग करीब 40 दुकानें जलकर खाक, भारी नुकसान दमकल की 10 गाड़ियों ने आग पर पाया काबू

New delhi: राजधानी दिल्ली के अंधेरिया मोड़ इलाके में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नेचर बाजार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बाजार की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 40 दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग लगने की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और दुकानदारों में भारी चिंता का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है।
सुबह 7:37 बजे मिली आग की सूचना
दिल्ली अग्निशमन विभाग के अनुसार, रविवार सुबह 7:37 बजे आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। अंधेरिया मोड़ के पास लाडो सराय क्षेत्र में स्थित नेचर बाजार में हस्तशिल्प और अन्य सामान बेचने वाली कई अस्थायी और अर्ध-स्थायी दुकानें लगी हुई थीं। आग लगने के बाद तेजी से धुआं उठने लगा और कुछ ही समय में आग कई दुकानों तक फैल गई।
दमकल ने चलाया रेस्क्यू अभियान
आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने के लिए व्यापक अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका गया और उस पर काबू पा लिया गया। इस घटना में लगभग 40 दुकानों का सामान और ढांचा पूरी तरह जल गया, जिससे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल दमकल विभाग की टीम मौके पर शीतलन अभियान चला रही है और पुलिस भी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैनात है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।



