ग्वालियर: तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी, 5 दोस्तों की मौके पर मौत
ग्वालियर–झांसी हाईवे पर फॉर्च्यूनर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार टक्कर कार में सवार पांच दोस्तों की मौके पर ही दर्दनाक मौत सुबह 6:30 बजे हुए हादसे से इलाके में हड़कंप

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार की टक्कर में कार सवार पांचों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मचा रहा।
कैसे हुआ हादसा?
घटना सिरोल थाना क्षेत्र के ग्वालियर–झांसी हाईवे की है, जहां मालवा कॉलेज के सामने सुबह करीब 6:30 बजे फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी पांचों दोस्त वहीं दम तोड़ बैठे। ये सभी डबरा से ग्वालियर की तरफ आ रहे थे।
CSP का बयान
ग्वालियर CSP हिना खान ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कार में सवार पांचों युवक दोस्त थे और टक्कर के बाद कोई भी जीवित नहीं मिला। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
सड़क हादसों का बढ़ता खतरा
देशभर में हर दिन बड़ी संख्या में सड़क हादसे सामने आते हैं। पुलिस जांचों में अक्सर यह सामने आता है कि तेज रफ्तार, ओवरटेकिंग या लापरवाही इसका बड़ा कारण है। यातायात नियमों की अनदेखी कई परिवारों की जिंदगी पलभर में बदल देती है। अगर आप भी वाहन लेकर सड़क पर निकलते हैं, तो नियमों का पालन करे, क्योंकि एक छोटी-सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।



