ग्रेटर नोएडा हादसा: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 5 साल के मासूम की मौत
खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में गिरा मासूम अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित परिवार ने घटना को लेकर कोई शिकायत नहीं की

Up news: ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र की प्रीत विहार कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बुधवार दोपहर 5 साल के बच्चे की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बच्चा घर से थोड़ी दूरी पर खेलते समय अचानक गहरे गड्ढे में गिर गया और बाहर नहीं निकल सका। आसपास के लोगों ने उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ई-रिक्शा चालक का था बेटा
मृतक बच्चे की पहचान देव के रूप में हुई है, जो छपरौला गांव के एक स्कूल में नर्सरी का छात्र था। उसके पिता उमेश कुमार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बताया जा रहा है कि देव स्कूल से घर आने के बाद खेलने के लिए बाहर गया था, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा।
खेलते-खेलते गड्ढे में गिरा
जानकारी के मुताबिक, कॉलोनी का पानी पास के एक खाली खेत में बने गड्ढे में जमा होता है। खेलते समय देव का पैर फिसला और वह सीधे पानी भरे गड्ढे में जा गिरा। बच्चे के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उसे बाहर निकाला।
परिवार ने नहीं की शिकायत
घटना के बाद बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह गड्ढा एक किसान के खेत में बना हुआ है, जिसमें कॉलोनी का पानी इकट्ठा होता है। फिलहाल परिजनों ने इस मामले में कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई है।



