कौशांबी में कच्चे तेल से भरा टैंकर बना आग का गोला, हाईवे पर मची अफरा-तफरी
कौशांबी हाईवे पर टैंकर आग का गोला बना ड्राइवर ने कूदकर बचाई अपनी जान दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया

Up news: यूपी के कौशांबी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कच्चे तेल से भरा एक टैंकर अचानक आग की लपटों में घिर गया। नेशनल हाईवे पर टायर फटने के बाद टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और देखते ही देखते आग का गोला बन गया। आसमान में काले धुएं का गुबार उठने लगा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि ड्राइवर ने सूझ-बूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली।
टायर फटने से बेकाबू हुआ टैंकर
घटना सैनी कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-2 पर लोहदा गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से कोलकाता जा रहा कच्चे तेल से लदा टैंकर अचानक टायर फटने की वजह से बेकाबू हो गया। अनियंत्रित टैंकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया और पलट गया।
11 हजार वोल्ट लाइन की चिंगारी से लगी आग
टक्कर के बाद खंभे से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से चिंगारी निकली, जिसने टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। चिंगारी लगते ही टैंकर में भीषण आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में पूरा टैंकर आग की लपटों में घिर गया और दूर-दूर तक धुआं फैल गया।
ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
आग लगते ही ड्राइवर विनीत कुमार ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत टैंकर से छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। मौके पर मौजूद लोग आग की भयावह लपटें देखकर दहशत में आ गए।
दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
हादसे का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में टैंकर को धू-धूकर जलते और आसमान में उठते धुएं को साफ देखा जा सकता है। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की तकनीकी जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



