कानपुर में खुशियां मातम में बदलीं: बेटे के जन्म के 5 घंटे बाद सड़क हादसे में पिता की मौत

10 साल बाद घर आई खुशियां पल भर में छिनी बेटे के जन्म के 5 घंटे बाद पिता की मौत आईसीयू में भर्ती मां को नहीं दी गई जानकारी

Up news: कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिठूर थाना क्षेत्र में एक परिवार में 10 साल बाद बेटे के जन्म की खुशियां आई थीं, लेकिन ये खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। बच्चे के जन्म के महज 5 घंटे बाद ही पिता की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हालत यह है कि बच्चे को जन्म देने वाली मां अभी आईसीयू में भर्ती है और उसे इस हादसे की जानकारी तक नहीं दी गई है।

 

क्या है पूरा मामला?

बिठूर के चंद्रिका गांव निवासी शिवनंदन सिंह और उनकी पत्नी जूली के लिए यह दिन किसी सपने के सच होने जैसा था। कई सालों की इंतजार और निराशा के बाद आखिरकार उनके घर बेटे ने जन्म लिया। बेटे के जन्म के बाद शिवनंदन की खुशी का ठिकाना नहीं था। उन्होंने तुरंत गांव में फोन कर सभी को यह खुशखबरी दी और घर पर मिठाइयां भी बांटी गईं। लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। जिस बेटे को गोद में उठाने का सपना उन्होंने सालों से देखा था, वह सपना अधूरा ही रह गया।

 

घटना कैसे हुई?

शिवनंदन सिंह के परिवार में उनकी पत्नी जूली, 6 साल की बेटी आयुषी और मां निर्मला हैं। जूली की डिलीवरी के लिए उन्हें कल्याणपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शाम करीब 4 बजे ऑपरेशन से बेटे का जन्म हुआ, जिसके बाद जूली को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। रात में अस्पताल के लिए खाना और दूध लाने के लिए शिवनंदन गांव गए थे। रात करीब 9 बजे जब वह बाइक से अस्पताल लौट रहे थे, तभी बिठूर-मंधना एलिवेटेड हाईवे पर एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिवनंदन सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आ रहे कई वाहन उन्हें कुचलते हुए निकल गए। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

 

पुलिस क्या कह रही है?

बिठूर थाने के प्रभारी अशोक कुमार सरोज के मुताबिक, परिजनों की तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा। हादसे में शामिल वाहन की पहचान के लिए हाईवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button