कांग्रेस में बड़ा एक्शन, नवजोत कौर सिद्धू सस्पेंड, विवादित बयान बना वजह
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के 500 करोड़ वाले बयान पर मचा बवाल। पंजाब कांग्रेस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए की सदस्यता सस्पेंड। बीजेपी और आप ने कहा—कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति का खुला सच।

कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने उनके हालिया विवादित बयान को देखते हुए की है।
क्या बोली थीं नवजोत कौर सिद्धू?
नवजोत कौर ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कहा था कि “जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करती है, तो सिद्धू दोबारा सक्रिय राजनीति में लौटेंगे। “मेरे पास पैसे नहीं, लेकिन पंजाब को स्वर्णिम राज्य बना सकती हूं” राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर सवाल उठाए। इसी दौरान उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास किसी भी पार्टी को देने के लिए पैसा नहीं है, लेकिन “मैं पंजाब को गोल्डन स्टेट बना सकती हूं।”
‘500 करोड़ का सूटकेस… वही CM!’
जब उनसे पूछा गया कि क्या किसी ने उनसे पैसे मांगे? उनका जवाब था: “किसी ने नहीं मांगे, लेकिन जो 500 करोड़ का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।” उनके इस बयान पर बीजेपी और आम आदमी पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए दावा किया कि इससे कांग्रेस की “अंदरूनी कार्यप्रणाली का सच” सामने आया है।



