कन्नौज जेल में न्यू ईयर पार्टी के बीच सुरक्षा में बड़ी चूक, दो कैदी दीवार फांदकर फरार
न्यू ईयर पार्टी में डूबा जेल प्रशासन, सुरक्षा व्यवस्था हुई फेल कंबलों की रस्सी बनाकर दीवार फांदकर फरार हुए दो कैदी सुबह गिनती में खुलासा, डीएम-एसपी ने संभाला मोर्चा

Uttar Pradesh: कन्नौज से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नए साल के जश्न में डूबे जेल प्रशासन की लापरवाही का फायदा उठाकर दो कैदी जिला कारागार से फरार हो गए। कैदियों के भागने की जानकारी अगले दिन सुबह सामने आई, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। डीएम और एसपी को समाधान दिवस छोड़कर सीधे जेल पहुंचना पड़ा।
न्यू ईयर सेलिब्रेशन बना लापरवाही की वजह
दरअसल, कन्नौज के अनौगी स्थित जिला कारागार में रविवार रात नए साल के स्वागत के लिए पार्टी आयोजित की गई थी। जेल परिसर में टेंट लगाया गया, डीजे बज रहा था और नृत्य-गान का कार्यक्रम चल रहा था। बताया जा रहा है कि जेल अधीक्षक से लेकर बंदी रक्षक तक जश्न में इतने मशगूल थे कि सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान ही नहीं दिया गया।
कंबलों से बनाई रस्सी, दीवार फांदकर भागे कैदी
इसी दौरान ठठिया थाना क्षेत्र के गांव मलगवां निवासी डिंपी उर्फ शिवा (पाक्सो एक्ट में बंद) और तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव हजरापुर निवासी अंकित (आर्म्स एक्ट में बंद) ने कंबलों को जोड़कर रस्सी बनाई और जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए।
सुबह गिनती में खुला राज, मचा हड़कंप
कैदियों के फरार होने की भनक रात में नहीं, बल्कि सुबह करीब 10 बजे बंदियों की गिनती के दौरान लगी। जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार समाधान दिवस छोड़कर तत्काल जिला कारागार पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
तलाश में जुटी पुलिस
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि दोनों फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं, इस गंभीर लापरवाही को लेकर जेल प्रशासन की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है। यह मामला न सिर्फ जेल सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि जश्न के बीच जिम्मेदारियां भूलना कितनी बड़ी चूक साबित हो सकता है।



