समस्तीपुर एसपी ऑफिस में महिला ने काटी हाथ की नस, दो बच्चों संग न्याय की गुहार, जेल अधिकारी पर गंभीर आरोप
महिला ने दो बच्चों संग लगाई न्याय की गुहार, न मिलने पर उठाया खौफनाक कदम जेल अधिकारी पर मंदिर में शादी कर छोड़ देने का गंभीर आरोप इलाज जारी, पुलिस सबूतों और आरोपों की कर रही जांच

बिहार के समस्तीपुर में शुक्रवार को एसपी कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो बच्चों के साथ न्याय की मांग करने आई एक महिला ने अचानक अपने दोनों हाथ की नस काट ली। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। तुरंत महिला थाना और नगर थाना की पुलिस ने घायल महिला को समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुँचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता का आरोप है कि दलसिंहसराय स्थित कोनैला जेल के सहायक जेल अधीक्षक आदित्य कुमार ने उससे 2022 में गया के एक मंदिर में शादी की थी। महिला का कहना है कि वह पिछले कई दिनों से अपने दो बच्चों के साथ एसपी कार्यालय चक्कर लगा रही थी क्योंकि आदित्य कुमार अब उसे पत्नी मानने से इनकार कर रहे हैं। महिला का दावा है कि आदित्य को उसके पहले विवाह और दोनों बच्चों के बारे में पूरी जानकारी थी और दोनों पति-पत्नी की तरह साथ भी रहते थे। लेकिन जब आदित्य अपने माता-पिता के साथ एसपी से मिलने पहुँचे तो उन्होंने अपना फैसला बदल दिया। इसी बात से आहत होकर महिला ने भावुक आवेश में आकर खुद को नुकसान पहुँचा लिया।
वीडियो भी किए शेयर
महिला ने मीडिया को अपने निजी वीडियो और शादी से जुड़े सबूत भी दिखाए हैं। उसका कहना है कि पहले पति से तलाक का केस गया कोर्ट में चल रहा है और इसी दौरान उसकी मुलाकात आदित्य से हुई थी। धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने मंदिर में शादी कर ली।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस अधिकारी इस मामले पर बोलने से बच रहे हैं, लेकिन घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और महिला के गंभीर आरोपों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



