रेड सी फिल्म फेस्टिवल में सलमान खान की मौजूदगी, जॉनी डेप के साथ तस्वीर हुई वायरल

सलमान खान रेड सी फिल्म फेस्टिवल के पांचवें संस्करण में शामिल हुए। रेड कार्पेट पर जॉनी डेप समेत कई हॉलीवुड सितारों से की मुलाकात। फैंस के बीच सलमान जॉनी की वायरल तस्वीर ने मचाया सोशल मीडिया पर हंगामा।

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों सऊदी अरब में आयोजित हो रहे रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के पांचवें संस्करण में शिरकत कर रहे हैं। गुरुवार को सलमान ने फेस्टिवल के एक खास संवाद सत्र में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने अपने फिल्मी करियर और अनुभवों पर खुलकर बात की। ‘दबंग’ स्टार ने अवॉर्ड समारोह के रेड कार्पेट पर भी वॉक किया। इसी दौरान उनकी मुलाकात हॉलीवुड के ग्लोबल स्टार जॉनी डेप से हुई। सलमान खान और ‘पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन’ फेम जॉनी डेप की यह तस्वीर रेड सी फिल्म फेस्टिवल के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर की गई, जो देखते ही देखते वायरल हो गई।

 

सलमान–जॉनी की जोड़ी देख फैंस हुए उत्साहित

सलमान खान और जॉनी डेप को एक साथ देखकर फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। एक यूजर ने लिखा, “हम सिल्वर स्क्रीन पर ऐसा मल्टीवर्स देखना चाहते हैं।” वहीं दूसरे ने सिर्फ “वाह!” कहकर अपनी प्रतिक्रिया दी। एक फैन ने लिखा, “मैं खुशी से चिल्ला रहा हूं—सलमान खान और जॉनी डेप एक साथ।” फेस्टिवल के दौरान सलमान खान की मुलाकात हॉलीवुड स्टार इदरीस एल्बा और एडगर रामिरेज़ से भी हुई, जिनकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं। इस मौके पर सलमान खान ने अभिनेता-निर्देशक इदरीस एल्बा को रेड सी ऑनरी अवॉर्ड भी प्रदान किया। फेस्टिवल के आधिकारिक हैंडल पर पोस्ट किए गए कैप्शन में इदरीस एल्बा को इस सम्मान के लिए बधाई दी गई।

 

फिल्मों और टीवी में सलमान की हालिया गतिविधियां

वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान को आखिरी बार फिल्म ‘सिकंदर’ में देखा गया था, जो बॉक्स ऑफिस पर खास असर नहीं छोड़ पाई। इसके अलावा वह हाल ही में रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ को होस्ट करते नजर आए। आने वाले समय में सलमान खान फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में मुख्य भूमिका निभाते दिखेंगे, जिसमें चित्रांगदा सिंह भी अहम किरदार में होंगी।

 

पर्सनालिटी राइट्स को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई

सलमान खान हाल ही में अपने पर्सनालिटी और पब्लिसिटी राइट्स को लेकर भी सुर्खियों में रहे। 11 दिसंबर को इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। अभिनेता की ओर से उनके वकील संदीप सेठी ने पर्सनालिटी राइट्स की व्यापक कानूनी सुरक्षा की मांग की। सुनवाई के दौरान वकील ने अदालत को उन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की जानकारी दी, जहां लगातार सलमान खान के नाम, तस्वीरों और पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। साथ ही फर्जी खबरों और भ्रामक कंटेंट का भी जिक्र किया गया। अदालत ने संकेत दिया कि गैर-सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को लेकर जल्द ही स्टे ऑर्डर जारी किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button