भारत सरकार का बड़ा फैसला: अब ‘केरल’ नहीं, ‘केरलम’ होगा नाम
केंद्र सरकार ने केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने का फैसला लिया। राज्य विधानसभा पहले ही पारित कर चुकी थी नाम परिवर्तन का प्रस्ताव। संविधान में संशोधन की प्रक्रिया के बाद आधिकारिक रूप से बदलेगा नाम।

Kerala news: केंद्र सरकार ने केरल का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने का फैसला लिया है। यह निर्णय हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। जानकारी के मुताबिक, राज्य का आधिकारिक नाम अब ‘केरलम’ किया जाएगा। गौरतलब है कि राज्य विधानसभा पहले ही इस संबंध में प्रस्ताव पारित कर चुकी थी और आधिकारिक रिकॉर्ड में नाम बदलने की मांग की थी। अब केंद्र के फैसले के बाद इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
विधानसभा पहले ही दे चुकी थी मंजूरी
दक्षिणी राज्य केरल की विधानसभा ने 25 जून 2024 को दूसरी बार प्रस्ताव पारित किया था। इससे पहले भेजे गए प्रस्ताव पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कुछ तकनीकी सुझाव दिए थे, जिसके बाद संशोधन कर दोबारा प्रस्ताव पारित किया गया। राज्य में 140 विधानसभा सीटें हैं और मई से पहले चुनाव होने की संभावना है। हालांकि, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अभी तक आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की पहल
मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने 2024 में यह प्रस्ताव पेश किया था। उनका कहना था कि मलयालम भाषा में राज्य को ‘केरलम’ कहा जाता है और स्वतंत्रता संग्राम के समय से ही मलयालम भाषी क्षेत्रों को मिलाकर संयुक्त ‘केरलम’ बनाने की मांग उठती रही है। उन्होंने बताया कि संविधान की पहली अनुसूची में राज्य का नाम ‘केरल’ दर्ज है, जबकि मलयालम में इसे ‘केरलम’ कहा जाता है। विधानसभा ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया था कि संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत संशोधन कर सभी, आधिकारिक भाषाओं में राज्य का नाम ‘केरलम’ किया जाए फिलहाल केंद्र के फैसले के बाद नाम परिवर्तन की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।



