भारत मंडपम में AI समिट के दौरान हंगामा, यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ता गिरफ्तार

AI Summit के दौरान भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस का हंगामा ट्रेड समझौते के विरोध में बिना शर्ट के किया प्रदर्शन चार कार्यकर्ता गिरफ्तार, राहुल गांधी आवास के बाहर BJP का विरोध

नई दिल्ली: भारत मंडपम में आयोजित India AI Impact Summit 2026 के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब ट्रेड से जुड़े भारत-अमेरिका फ्रेमवर्क एग्रीमेंट के विरोध में यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। समिट के एक हॉल में मौजूद लोगों ने बाहर से नारेबाजी की आवाजें सुनीं, जिसके बाद जब वे बाहर पहुंचे तो वहां यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता बिना शर्ट के विरोध प्रदर्शन करते नजर आए।

 

समिट में घुसकर किया विरोध प्रदर्शन

जानकारी के मुताबिक, विरोध कर रहे कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए हाथों में अपनी टी-शर्ट लेकर समिट परिसर में दाखिल हो गए। इस दौरान उन्होंने सरकार पर अमेरिका के साथ हुए ट्रेड समझौते को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस पहले से ही इस समझौते को लेकर आरोप लगाती रही है कि भारत को इससे अपेक्षित लाभ नहीं मिला है।

 

राहुल गांधी के आवास के बाहर भाजपा का प्रदर्शन

इस घटना के बाद भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दिल्ली स्थित आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि इस तरह के प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है।

 

चार कार्यकर्ता गिरफ्तार

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में चार प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें कृष्ण हरि (राष्ट्रीय सचिव, यूथ कांग्रेस), कुंदन यादव (प्रदेश सचिव, बिहार यूथ कांग्रेस), अजय कुमार (उपाध्यक्ष, यूपी यूथ कांग्रेस) और नरसिम्हा यादव (राष्ट्रीय समन्वयक, यूथ कांग्रेस) शामिल हैं।

 

पुलिस कर रही बड़ी साजिश की जांच

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस कार्यकर्ता पहले काले छाते पर स्टिकर लगाकर अंदर जाने की योजना बना रहे थे, लेकिन सुरक्षा जांच में छाते जब्त होने की आशंका के चलते उन्होंने अपनी योजना बदल दी। इसके बाद उन्होंने टी-शर्ट पर प्रिंटेड स्टिकर लगाकर समिट में प्रवेश किया। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन स्टिकर्स को कहां से प्रिंट कराया गया था।

 

भाजपा ने बताया कांग्रेस की ‘जलन’

केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने इस घटना को कांग्रेस की “शर्मनाक हरकत” करार दिया। उन्होंने कहा कि जब भारत वैश्विक टेक्नोलॉजी ताकत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब कांग्रेस देश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर शर्मिंदा करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा और एफआईआर में गंभीर धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। मामले में पुलिस फेस रिकग्निशन तकनीक की मदद से अन्य लोगों की पहचान करने में भी जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button