बिहार: हाजीपुर में अपराधियों का खौफ, व्यवसायी को कफन भेजकर दी जान से मारने की धमकी

हाजीपुर के महुआ में अपराधियों का खौफ, व्यवसायी को कफन भेजकर दी गई जान से मारने की धमकी पहले भी मिल चुकी हैं कई बार धमकियां, पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप CCTV से बचने के लिए भाई के घर भेजा गया धमकी भरा पत्र, परिवार दहशत में

बिहार के हाजीपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे खुलेआम व्यवसायियों को मौत की धमकी देने लगे हैं। ताजा मामला हाजीपुर जिले के महुआ थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक व्यवसायी को न सिर्फ जान से मारने की धमकी दी, बल्कि धमकी भरे पत्र के साथ कफन भी भेज दिया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत के साए में जीने को मजबूर है।

 

धमकी भरे पत्र में लिखी खौफनाक बातें

धमकी देने वाले अपराधी ने पत्र में लिखा है: “आज नहीं तो कल, महीने हो या साल हो, तुमको छोड़ेंगे नहीं। जान से मारेंगे, कितना दिन छुपकर रहोगे।” इतना ही नहीं, अपराधी ने आगे खुद को क्षत्रिय बताते हुए लिखा “मेरे क्षत्रिय कुल में एक ही कहावत है, रघुकुल की ये रीत चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाए। तुम्हारे लिए एक छोटा सा गिफ्ट भेज रहे हैं, जो मरने के बाद काम आ सके।” पत्र के साथ कफन भेजकर अपराधियों ने अपनी मंशा साफ जाहिर कर दी है।

 

पहले भी मिल चुकी है कई बार धमकी

पीड़ित व्यवसायी रतन चौधरी के परिजनों का कहना है कि उन्हें इससे पहले भी चार बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। कई बार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का आरोप है कि धमकी भरा पत्र मिलने के बाद जब उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी, तो वहां मौजूद महिला पुलिसकर्मी ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय उल्टा उन्हें ही फटकार लगा दी। इस रवैये से पीड़ित परिवार और ज्यादा डर के माहौल में चला गया है।

 

CCTV से बचने के लिए भाई के घर भेजा गया कफन

रतन चौधरी एक समृद्ध परिवार से आते हैं। वे पहले व्यवसाय से जुड़े थे, फिलहाल खेती-बाड़ी का काम करते हैं। महुआ क्षेत्र में उनकी अच्छी-खासी जमीन है। लगातार मिल रही धमकियों के बाद उन्होंने अपने घर पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए थे। बताया जा रहा है कि इस बार बदमाशों ने सीसीटीवी से बचने के लिए कफन और धमकी भरा पत्र रतन चौधरी के घर के बजाय उनके भाई के घर भेजा, जिससे साफ है कि अपराधियों की पीड़ित परिवार पर पूरी नजर बनी हुई है।

 

बड़ी अनहोनी की आशंका, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

जिस तरह से धमकी भरे पत्र में सीधे मौत की बात कही गई है, वह किसी बड़ी और गंभीर घटना की ओर इशारा करता है। ऐसे में पुलिस को इस मामले को हल्के में लेने के बजाय तुरंत गंभीरता से जांच शुरू करनी चाहिए, ताकि किसी अनहोनी से पहले अपराधियों को पकड़ा जा सके।

Related Articles

Back to top button