पुतिन के सम्मान में शाकाहारी शाही दावत: कश्मीरी गुच्ची से लेकर बादाम हलवे तक सजा राष्ट्रपति भवन का थाली–विशेष मेन्यू
भारत दौरे के अंतिम दिन राष्ट्रपति भवन में पुतिन के लिए पारंपरिक शाकाहारी थाली परोसी गई। कश्मीरी गुच्ची, अचारी बैंगन, केसर-पिस्ता कुल्फी और बादाम हलवे जैसे व्यंजन रहे मुख्य आकर्षण। नौसेना बैंड ने बॉलीवुड, भारतीय शास्त्रीय और रूसी धुनों से शाम को यादगार बनाया।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आए और इस दौरान शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में उनके सम्मान में राजकीय रात्रिभोज आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से दिए गए इस भोज में पुतिन को एक भव्य, पूरी तरह शाकाहारी भारतीय थाली परोसी गई, जिसमें देश के अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक स्वाद शामिल थे। भोज के मेन्यू की सूची भी अब सामने आ चुकी है।
पारंपरिक भारतीय स्वाद की थाली
पुतिन के लिए तैयार की गई थाली में गुच्ची दून चेतिन (मशरूम और कश्मीरी अखरोट की चटनी से बना व्यंजन), अचारी बैंगन, और पीली दाल तड़का जैसे प्रमुख व्यंजन शामिल थे। रूसी प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में भी विभिन्न क्षेत्रों के व्यंजन परोसे गए। यह भोज पुतिन के भारत प्रवास का अंतिम कार्यक्रम था, जिसके बाद वे मॉस्को लौट गए।
मिठाइयाँ और दक्षिण भारत का स्वाद
डिनर में मिठाइयों की भरपूर विविधता थी, बादाम का हलवा, केसर-पिस्ता कुल्फी, ताज़े फल, गुड़ संदेश (बंगाल की खास मिठाई) और दक्षिण भारत की प्रसिद्ध स्नैक मुरुक्कू भी मेन्यू का हिस्सा रहे। पेय पदार्थों में पुतिन को अनार, संतरा, गाजर और अदरक के जूस जैसे हेल्दी ड्रिंक्स परोसे गए।
परोसे गए पारंपरिक भारतीय ब्रेड
मुख्य भोजन में सूखे मेवे और केसर से तैयार खास पुलाव के साथ लच्छा पराठा और मगज नान जैसी भारतीय रोटियाँ भी परोसी गईं। दिल्ली की ठंडी मौसम को देखते हुए अंत में गर्म-गर्म बादाम का हलवा दिया गया, जिससे डिनर का समापन सुहाना बना।
संगीत ने बढ़ाई शाम की शान
इस राजकीय भोज को खास बनाने के लिए नौसेना के बैंड ने भारतीय शास्त्रीय संगीत, बॉलीवुड की धुनों और रूसी कम्पोज़िशन्स का ज़बरदस्त संगम प्रस्तुत किया। शास्त्रीय कलाकारों ने सरोद, सारंगी और तबला पर शानदार प्रस्तुति दी। वहीं, रूस के महान संगीतकार त्चैकोव्स्की को श्रद्धांजलि देते हुए ‘द नटक्रैकर सुइट’ भी बजाया गया।
शाहरुख खान की फिल्म का गीत भी गूंजा
शाम में एक दिलचस्प पल तब देखने को मिला जब नौसेना बैंड ने शाहरुख खान की फिल्म ‘फिर भी दिल है हिंदुस्तानी’ का गीत बजाया। इसके अलावा रूसी लोकधुनों की भी प्रस्तुति हुई, जिसने दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और गहरा बनाया।



