पटना में पुलिस एनकाउंटर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बिहार प्रभारी घायल

मसौढ़ी में देर रात पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ बिहार प्रभारी परमानंद यादव के पैर में लगी गोली पटना में बड़ी वारदात की फिराक में था कुख्यात बदमाश

बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक कुख्यात सदस्य को एनकाउंटर में घायल कर दिया है। पटना के मसौढ़ी इलाके में हुई इस मुठभेड़ में गैंग का बिहार प्रभारी परमानंद यादव पुलिस की गोली से घायल हुआ है। एनकाउंटर के दौरान परमानंद यादव के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

देर रात हुआ एनकाउंटर, इलाके में मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, यह एनकाउंटर बुधवार देर रात मसौढ़ी थाना क्षेत्र में हुआ। अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा परमानंद यादव पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में जख्मी हो गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

बड़ी वारदात की फिराक में था आरोपी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मसौढ़ी थाना क्षेत्र के एनएच-22 पर लाला बीघा गांव के पास परमानंद यादव बाइक से अपने एक साथी से मिलने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बिहार प्रभारी पटना में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की।

 

भागते वक्त पुलिस पर चलाई गोली

खुद को घिरता देख परमानंद यादव ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें परमानंद यादव के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

 

तीन दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, परमानंद यादव झारखंड के लातेहार जिले के चटेर, चंदवा गांव का रहने वाला है। उस पर पटना समेत बिहार और झारखंड के अलग-अलग जिलों में तीन दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।

Related Articles

Back to top button