‘धुरंधर’ पर विवाद तेज: मेजर मोहित शर्मा का परिवार पहुंचा हाई कोर्ट

मेजर मोहित शर्मा के परिवार ने फिल्म की रिलीज़ पर रोक की मांग की याचिका में ट्रेलर में दिखे गुप्त अभियानों पर आपत्ति जताई गई निर्देशक आदित्य धर बोले,फिल्म बायोपिक नहीं, महज़ अफवाहें

रणवीर सिंह की आने वाली फिल्म ‘धुरंधर’ इस साल की सबसे ज़्यादा चर्चा में रहने वाली फिल्मों में शामिल है। फिल्म को लेकर दावा किया जा रहा था कि इसकी कहानी दिवंगत मेजर मोहित शर्मा के जीवन से प्रेरित है। हालांकि निर्देशक आदित्य धर पहले ही साफ कर चुके हैं कि फिल्म मेजर शर्मा की बायोपिक नहीं है।इसके बावजूद, मेजर मोहित शर्मा के परिवार ने फिल्म की रिलीज़ पर रोक लगाने की मांग करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। Bar & Bench की रिपोर्ट के मुताबिक, परिवार का कहना है कि फिल्म में दिखाया गया कंटेंट मेजर शर्मा के असली जीवन, उनके गुप्त अभियानों और शहादत से मिलता-जुलता है, और इसके लिए न तो भारतीय सेना से अनुमति ली गई और न ही परिवार से।

 

हाई कोर्ट में क्या कहा गया?

याचिका में आरोप है कि फिल्म के ट्रेलर और प्रमोशन में कश्मीर में मेजर शर्मा के गुप्त आतंकवाद-रोधी अभियानों जैसी झलकें दिखाई गई हैं। कुछ मीडिया रिपोर्टों ने भी फिल्म को उनके जीवन से जोड़कर दिखाया है, लेकिन मेकर्स ने इस संबंध में परिवार से बातचीत नहीं की। परिवार का कहना है कि यह फिल्म अनुच्छेद 21 के तहत शहीदों की निजता और गरिमा का उल्लंघन करती है, क्योंकि बिना सहमति के उन्हें दिखाया गया है। याचिका में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल भी उठाए गए हैं। परिवार ने अदालत से फिल्म की रिलीज़ रोकने और पहले उन्हें एक प्राइवेट स्क्रीनिंग दिखाने की मांग की है।

 

आदित्य धर का स्पष्टीकरण

याचिका में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, CBFC, ADGPI, निर्देशक और सह-निर्माता आदित्य धर, और जियो स्टूडियोज को पक्षकार बनाया गया है। कुछ दिन पहले आदित्य धर ने मेजर शर्मा के भाई के एक ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा था कि ‘धुरंधर’ मेजर मोहित शर्मा के जीवन पर आधारित नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि अगर भविष्य में मेजर शर्मा पर बायोपिक बनाई गई, तो पूरी सहमति और परिवार की मौजूदगी में बनाई जाएगी, ताकि उनके बलिदान का सम्मान हो सके। रणवीर सिंह स्टारर धुरंधर, जिसमें संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन भी नज़र आएंगे, 5 दिसंबर 2025 को रिलीज़ होने वाली है।

Related Articles

Back to top button