जेल से बाहर आते ही बदले राजपाल यादव के तेवर, मदद करने वालों को ही दे डाले तीखे जवाब
जेल से बाहर आते ही बदले राजपाल यादव के तेवर मदद करने वालों को ही दे डाले तीखे जवाब सोनू सूद और प्रियदर्शन को भी दिया करारा जवाब

Rajpal yadav: 5 फरवरी को दिल्ली में सरेंडर करने के बाद कॉमेडियन राजपाल यादव अचानक सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गए थे। फैन्स और इंटरनेट यूजर्स उनकी परेशानी जानकर भावुक हो गए थे और कई लोग उनकी मदद के लिए आगे भी आए। सोशल मीडिया पर उनके लिए सहानुभूति की लहर दिखी और लोग दुआ कर रहे थे कि किसी तरह उनकी मुश्किल खत्म हो जाए। सबसे पहले एक्टर सोनू सूद ने उनकी मदद का हाथ बढ़ाया और फिर कई लोग इस मुहिम में जुड़ते गए। लेकिन जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव के तेवर कुछ बदले हुए नजर आए, जिससे कई लोग हैरान रह गए।
सोनू सूद को दिया जवाब
राजपाल यादव की मदद की बात सबसे पहले अभिनेता सोनू सूद ने कही थी। उन्होंने राजपाल यादव को काम ऑफर करने और एडवांस पेमेंट देने तक की बात कही थी, साथ ही दूसरों से भी मदद के लिए आगे आने की अपील की थी। हालांकि जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने कहा कि सोनू सूद अपनी गलतफहमी दूर कर लें, क्योंकि उनके पास पहले से ही काफी काम है और उन्हें किसी से काम मांगने की जरूरत नहीं है।
पुश्तैनी मकान और पैसों पर बयान
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजपाल यादव ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि उनके पुश्तैनी मकान में करीब 5 करोड़ रुपये की ईंटें लगी हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि 50 करोड़ रुपये तक की रकम उन्हें कमजोर नहीं कर सकती।
काम को लेकर किया बड़ा दावा
राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें अपने करियर में कभी किसी से काम मांगने की जरूरत नहीं पड़ी। उनका दावा है कि उनके पास आने वाले सात साल के लिए करीब 1200 करोड़ रुपये का काम पहले से मौजूद है। फिल्मों की बात करें तो उनके पास ‘भूत बंगला’, ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘हैवान’ जैसे प्रोजेक्ट्स के साथ दो वेब सीरीज और दो नई फिल्मों के ऑफर भी हैं।
यूट्यूब चैनल की शुरुआत
23 फरवरी को मुंबई लौटने के बाद राजपाल यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और इसके बाद अपना यूट्यूब चैनल भी शुरू कर दिया। उन्होंने अपने चैनल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की क्लिप शेयर की, लेकिन मदद करने वालों के लिए कोई खास संदेश नहीं दिया।
प्रियदर्शन को भी दिया जवाब
फिल्ममेकर प्रियदर्शन ने एक्टरों की परेशानियों की वजह ‘खराब एजुकेशन’ को बताया था, जिस पर राजपाल यादव ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि प्रियदर्शन शायद उन्हें ठीक से नहीं जानते। राजपाल यादव के मुताबिक वह अच्छे-खासे पढ़े-लिखे इंसान हैं और 11 साल की उम्र से लेकर 55 साल की उम्र तक लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार की मुश्किलों को उसकी पढ़ाई से जोड़कर नहीं देखना चाहिए, क्योंकि हर किसी के जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं।



