क्रिसमस पर कैथेड्रल चर्च पहुंचे PM मोदी, ईसाई समुदाय के साथ की प्रार्थना

क्रिसमस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन पहुंचे। ईसाई समुदाय के साथ प्रार्थना में शामिल होकर उन्होंने प्रेम, शांति और करुणा का संदेश दिया। देशभर के नेताओं ने भी क्रिसमस पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

Christmas: क्रिसमस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह दिल्ली के कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन पहुंचे। यहां उन्होंने ईसाई समुदाय के लोगों के साथ विशेष प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। इस अवसर पर दिल्ली और उत्तर भारत से बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग मौजूद रहे। प्रार्थना सभा के दौरान दिल्ली के बिशप रेव. डॉ. पॉल स्वरूप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष प्रार्थना की। कार्यक्रम में प्रेम, शांति और करुणा का संदेश देखने को मिला।

 

PM मोदी का संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, “दिल्ली में कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना में शामिल हुआ। इस प्रार्थना सभा में प्रेम, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलका। क्रिसमस की भावना हमारे समाज में सद्भाव और सद्भावना को प्रेरित करे।”

 

देशवासियों को दी क्रिसमस की शुभकामनाएं

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “शांति, करुणा और आशा से भरे आनंदमय क्रिसमस की सभी को शुभकामनाएं। ईसा मसीह की शिक्षाएं हमारे समाज में सद्भाव को सुदृढ़ करें।”

 

ईसाई समुदाय के कार्यक्रमों में नियमित भागीदारी

बीते कुछ वर्षों से प्रधानमंत्री मोदी ईसाई समुदाय से जुड़े कार्यक्रमों में लगातार भाग लेते रहे हैं। 2023 में ईस्टर के दौरान उन्होंने दिल्ली के सेक्रेड हार्ट कैथेड्रल में कार्यक्रम में शिरकत की, 2023 क्रिसमस पर अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर कार्यक्रम की मेजबानी की, 2024 में मंत्री जॉर्ज कुरियन के आवास पर डिनर और कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया के कार्यक्रम में भी शामिल हुए, सूत्रों के मुताबिक, यह समुदाय के साथ उनके निरंतर संवाद और जुड़ाव को दर्शाता है।

राहुल गांधी का क्रिसमस संदेश

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी क्रिसमस के मौके पर एक वीडियो संदेश साझा किया। वीडियो में वह क्रिसमस ट्री के पास खड़े नजर आए। उन्होंने लिखा, “सभी को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार आपके जीवन में खुशियां, आनंद और समृद्धि लाए और प्रेम व करुणा से भर दे।”

 

उपराष्ट्रपति ने भी दी शुभकामनाएं

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी लोगों को क्रिसमस की बधाई दी। उन्होंने X पर लिखा, “सभी को आशा, प्रेम और दया से भरे क्रिसमस की शुभकामनाएं। मसीह का संदेश हमें मजबूत और संवेदनशील समुदाय बनाने के लिए प्रेरित करे तथा स्थायी शांति को बढ़ावा दे।”

Related Articles

Back to top button