केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप, चुनाव आयोग ने पटना में FIR दर्ज कराई
चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज कराया। जेडीयू नेता पर मतदाताओं को वोट न देने की अपील करने का आरोप। आरजेडी ने वीडियो शेयर कर चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की।

पटना: बिहार की सियासत में गर्मी उस वक्त बढ़ गई जब चुनाव आयोग ने केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज कराया। आयोग ने मंगलवार को पटना में FIR दर्ज कराई है।
दरअसल, ललन सिंह ने सोमवार को जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली नेता अनंत सिंह के समर्थन में प्रचार किया था। इस दौरान उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे लोगों से कहते सुने गए
“घर में ही रहिए, मत देने मत जाइए। अगर कोई हाथ जोड़कर कहे तो कहिए कि हमारे साथ चलकर वोट दीजिए, वरना घर में ही बैठिए।”
इस बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आरजेडी ने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर करते हुए आरोप लगाया कि ललन सिंह गरीब तबके को वोट डालने से रोक रहे हैं।
मामला सामने आने के बाद चुनाव आयोग (EC) ने ललन सिंह को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। हालांकि, जेडीयू ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह वीडियो एडिटेड है और इसे भ्रामक तरीके से फैलाया गया है।



