अखिलेश यादव का बड़ा बयान, “प्रधानमंत्री सच्चाई सामने लाएंगे, दिल्ली ब्लास्ट खुफिया तंत्र की नाकामी है

अखिलेश यादव ने दिल्ली ब्लास्ट को बताया राष्ट्रीय शर्म और खुफिया तंत्र की नाकामी। साथ ही ‘विजन इंडिया’ के जरिए नए भारत के निर्माण का खाका पेश किया।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्ली ब्लास्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद कहा है कि “सभी जिम्मेदार लोगों को बेनकाब किया जाएगा और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।” सपा अध्यक्ष ने कहा, “जब प्रधानमंत्री ने यह कहा है, तो हमें विश्वास है कि वह सच्चाई सामने लाएंगे और पता लगाएंगे कि राष्ट्रीय राजधानी के बीचों-बीच, उस जगह पर, जहां हम अपना स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं, वहां यह हमला कैसे हुआ।”

अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि “इतनी बड़ी घटना उस जगह पर हुई जो हमारी स्वतंत्रता का प्रतीक है — यह बेहद निंदनीय है। हताहतों की संख्या दुर्भाग्यपूर्ण है… आखिर हमें बार-बार ऐसी खुफिया विफलताएं क्यों मिलती हैं?”

 

घायलों के इलाज और सुरक्षा प्रबंधों पर जोर

इससे पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, “दिल्ली ब्लास्ट एक बेहद दुखद और गंभीर घटना है। इसकी हर पहलू से जांच की जाए। राजधानी में फैले भय से जनता को उबारने के लिए तुरंत सुरक्षा प्रबंध किए जाएं। मृतकों के प्रति गहरी संवेदना, और घायलों का अच्छे से अच्छा इलाज सुनिश्चित किया जाए।”

 

सपा की नई पहल ‘विजन इंडिया’ की घोषणा

इसी दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को ‘विजन इंडिया’ नामक नए राष्ट्रीय कार्यक्रम की घोषणा की। इसका उद्देश्य है, “वैज्ञानिक, प्रगतिशील और समावेशी सोच से प्रेरित एक नए भारत का निर्माण।” अखिलेश यादव ने कहा कि यह पहल युवाओं के मुद्दों को केंद्र में रखेगी।

उन्होंने बताया कि पहला कार्यक्रम बेंगलुरु में आयोजित होगा और इसके तहत सपा की आधुनिक भारत के लिए दृष्टि को पूरे देश में ले जाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button