उत्तराखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू, CM ने किया वर्चुअल प्रतिभाग

देहरादून : उत्तराखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सोमवार को मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सदन की कार्यवाही में वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। पहले दिन सदन के सदस्यों ने दिवंगत सदस्यों और पूर्व सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने विधानसभा सत्र की कार्रवाई में वर्चुअल प्रतिभाग करते हुए दिवंगत सदस्य सुरेन्द्र सिंह जीना, पूर्व विधायक केसी पुनेठा, सुन्दरलाल मंद्रवाल, अनुसूया प्रसाद मैखुरी और तेजपाल सिंह पंवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना का भावपूर्ण स्मरण करते हुए कहा कि जीना जी युवा, कर्मठ और ऊर्जावान विधायक थे। उनके असमय जाने से हम सभी अत्यंत दुखी हैं। पूर्व विधायक स्वर्गीय केसी पुनेठा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि  वे बहुत जुझारू व सहनशील व्यक्तित्व के थे।
विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय अनुसूया प्रसाद मैखुरी को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अत्यंत विनम्र और सज्जन थे। वर्ष 2002-03 में एक आंदोलन के दौरान उन्हें गम्भीर चोट लगी तो मैखुरी ने उनका हाथ पकड़ कर अस्पताल जाने को कहा। पूर्व विधायक स्वर्गीय सुन्दरलाल मंद्रवाल विनम्रता और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व के धनी थे। वे सच्चे मायनों में गांधीवादी थे। उनमें कोई अहम नजर नहीं आता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व विधायक स्वर्गीय तेजपाल सिंह पंवार सीधी और सपाट बात करते थे। उन्होंने कभी भी अपनी बात को साबित करने के लिए झूठ का सहारा नहीं लिया।
उल्लेखनीय है मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह पिछले तीन दिनों से कोरोना पॉजिटिव होने के कारण होम आइसोलेशन में हैं। हालांकि कल उन्होंने कहा था कि वह ठीक हैं और लोग कोरोना से बचाव के लिए अपना ध्यान रखें और निर्धारित एसओपी का पालन करें।

 

Related Articles

Back to top button