वायलिन वादक टीएन कृष्णन का निधन, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया शोक

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने मंगलवार को विख्यात वायलिन वादक टीएन कृष्णन के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मृत्यु संगीत की दुनिया विशेष रूप से कर्नाटक संगीत के लिए एक बड़ा नुकसान है। 92 वर्षीय टीएन कृष्णन का सोमवार को चेन्नई में निधन हो गया था।

राष्ट्रपति कोविंद ने एक ट्वीट संदेश में कहा, प्रसिद्ध वायलिन वादक टीएन कृष्णन के निधन से दु:खी हूं। वह एक पेशेवर संगीतकार थे, उनका संगीत में अकादमिक योगदान उत्कृष्ट है। उन्होंने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों की बदौलत पद्म भूषण सहित कई पुरस्कार और सम्मान प्राप्त किये। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना है।

उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट कर कहा, प्रसिद्ध वायलिन वादक टी एन कृष्णन के निधन के बारे में जानकर व्यथित हूं। उनकी मृत्यु संगीत की दुनिया विशेष रूप से कर्नाटक संगीत के लिए एक बड़ा नुकसान है। वह रागों के सार को पकड़ने के लिए जाने जाते थे और उन्होंने दशकों तक श्रोताओं को आत्मा से हिलाने वाले संगीत से मंत्रमुग्ध किया।

उन्होंने कहा, शोक संतप्त परिवार के सदस्यों और लाखों संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ओम शांति!

Related Articles

Back to top button