चुनाव कंट्रोल रूम पहुंचे वीडी शर्मा, दिग्विजय पर लगाए गंभीर आरोप

भोपाल। मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। कुछ मतदान केन्द्रों से हिंसा और झड़प की खबरें आ रही हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इसके लिए पूर्व सीएम और कांग्रेस राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा है कि यह सब दिग्विजय के ईशारों पर हो रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मंगलवार सुबह भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने चुनाव कंट्रोल रूम पहुंचकर शिकायतों और मतदान प्रतिशत की जानकारी ली। इस दौरान वीडी शर्मा ने विभिन्न मतदान केन्द्रों से मिल रही शिकायतों के लिए दिग्विजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह उप चुनाव के परिणाम को प्रभावित करना चाहते हैं। उनके इशारों पर कांग्रेस कार्यकर्ता पोलिंग बूथों पर गुंडागर्दी कर रहे हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि कमलनाथ जी द्वारा भाजपा संगठन को दी गई चुनौती का जवाब देने का समय आ गया है। हमें प्रत्येक बूथ पर भाजपा के समर्थन में मतदान कराकर अपनी जीत सुनिश्चित करनी है। यह विनाश के खिलाफ विकास का युद्ध है, हमें इसे जीतना है और एक स्वर्णिम मध्य प्रदेश में अपना योगदान देना है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले दिग्विजय सिंह भी ट्वीट कर एवीएम से वोटिंग में गड़बड़ी की आशंका जता चुके हैं।

Related Articles

Back to top button