महिला सुरक्षा के लिए सभी प्रमंडलीय मुख्यालय में ‘उज्ज्वला होम’ की होगी स्थापना: द्रौपदी

रांची, झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने महिला सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताया और कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सजग और गंभीर है तथा इसके लिए प्रदेश के सभी प्रमंडलीय मुख्यालय में ‘उज्ज्वला होम’ की स्थापना की जा रही है।

मुर्मू ने गणतंत्र दिवस के मौके पर रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में झंडोत्ताेलन किया और परेड की सलामी ली। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा के प्रति सजग और गंभीर है। राज्य की महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए हेल्पलाईन नंबर 181 की शुरूआत की गयी है। इस हेल्पलाईन के द्वारा राज्य में किसी भी प्रकार के हिंसा से पीड़ित या अन्य किसी भी परिस्थिति में फंसी महिला को अविलंब सहायता प्रदान की जायेगी।

राज्यपाल ने कहा कि हेल्पलाईन नंबर 181 एक एकीकृत हेल्पलाईन है, जो 24 घंटे महिलाओं की सुरक्षा के लिए कार्यरत रहेगी। इसके माध्यम से महिलाओं को पुलिस, विधिक सहायता, मेडिकल, एम्बुलेंस सेवा जैसी आपातकालीन सेवायें उपलब्ध करायी जायेंगी। महिलाओं को ये सारी सहायता एक स्थान पर ही उपलब्ध हो सके, इस उद्देश्य से सखी वन स्टॉप सेंटर का संचालन राज्य के प्रत्येक जिले में किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें-मायावती ने दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाए, कहा-रसम अदाएगी के तौर पर मनाने के बजाए….

मुर्मू ने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अवैध एवं अनैतिक व्यापार की रोकथाम, पीड़ितों के बचाव, पुनर्वास एवं स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए संचालित उज्ज्वला योजना अन्तर्गत पलामू प्रमंडल मुख्यालय (मेदिनीनगर) एवं उत्तरी छोटानागपुर प्रमण्डल मुख्यालय (हजारीबाग) में उज्जवला होम स्थापित किया गया है। अन्य तीन प्रमण्डल मुख्यालयों में उज्ज्वला होम की स्थापना शीघ्र की जायेगी।

Related Articles

Back to top button