U.P : सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का 82वां जन्मदिन आज, CM योगी ने फोन करके दी बधाई

लखनऊ : समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज जन्मदिन है। कोरोना के मद्देनजर पार्टी उनका जन्मदिन सादगी से मना रही है। सपा प्रदेश मुख्यालय के बाहर मुलायम सिंह यादव को शुभकामना सन्देश देते हुए कई होर्डिंग लगाई गई हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रविवार को सपा संरक्षक को फोन करके जन्मदिन की शुभकामनाएं दी और उनकी दीर्घायु की कामना की। मुख्यमंत्री ने ट्वीट भी किया और कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव जी को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से प्राथना है कि आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें।
समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कहा गया कि सपा के जनक आदरणीय नेताजी के जन्मदिन पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। नेता जी के आशीर्वाद से हम सब एक साथ मिलकर सामाजिक न्याय के संघर्ष को जारी रखते हुए समाजवादी पार्टी को मजबूत करने के प्रति संकल्पित हैं। ईश्वर से नेताजी की दीर्घायु एवं स्वास्थ्य की प्रार्थना। वहीं कई केन्द्रीय मंत्रियों सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने भी मुलायम को जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ रहने की कामना की।
मुलायम के छोटे भाई व प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के प्रमुख शिवपाल यादव ने भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि हम सभी की प्रेरणा व ऊर्जा के स्त्रोत और अपने जनसंघर्षों की बदौलत संवेदनशील सियासत की इबारत लिखने वाले आदरणीय नेताजी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप दीर्घायु हों, स्वस्थ रहें व देश और समाज को दिशा दें, ऐसी मंगलकामना। शिवपाल ने बधाई सन्देश के साथ अपनी और सपा संरक्षक की तस्वीर भी पोस्ट की।
प्रसपा के राष्ट्रीय सचिव आदित्य यादव ने सभी महानगर और जिला अध्यक्षों को पत्र लिखकर नेताजी मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन धूमधाम से मनाने का आदेश दिया है। आदित्य यादव ने कार्यकर्ताओं से अस्पतालों में भर्ती रोगियों को फल वितरण करने और उनकी दीर्घायु के लिए हवन का अनुष्ठान करने को कहा है।
मुलायम सिंह यादव 27 वर्ष की उम्र में पहली बार 1966 में इटावा की जसवंतनगर विधानसभा से विधायक चुने गए थे। वह तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री रहे। सोशलिस्ट पार्टी, लोकदल और जनता दल में रहे मुलायम सिंह ने 1992 में समाजवादी पार्टी का गठन किया था। वर्तमान में वह मुलायम सिंह यादव मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद हैं। हालांकि खराब स्वास्थ्य के कारण वह काफी समय से राजनीति में ज्‍यादा सक्रिय नहीं हैं। पार्टी कार्यक्रमों में भी वह शामिल नहीं होते हैं।

Related Articles

Back to top button