Tractor parade : राहुल गांधी किसानों को उकसा रहे थे- प्रकाश जावड़ेकर

दिल्ली में किसानों के उपद्रव को लेकर जहां कांग्रेस ने सरकार और पुलिस को जिम्मेदार ठहराया वहीं भाजपा ने किसान नेताओं के बयान, कांग्रेस नेताओं के ट्वीट का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस ने किसानों को उकसाने का काम किया।

केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि यह पहली बार नहीं हो रहा है कि कांग्रेस इतनी घिनौनी राजनीति कर रही है। चुनावों में लगातार हार से बौखलाई कांग्रेस चाहती है कि लोगों की जान जाए, पुलिस बबर्रता हो ताकि उसे राजनीति का अवसर मिले। किसान आंदोलन में भी वह यही कर रही है।

जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस ने जानबूझकर किसानों को उकसाया था। राहुल गांधी लगातार केवल समर्थन ही नहीं कर रहे थे बल्कि उकसा भी रहे थे। CAA को लेकर भी उन्‍होंने ऐसा ही किया था। सड़क पर आने को वो उकसाते हैं और दूसरे दिन से सड़क पर आंदोलन शुरू होता है।

जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस हताश और निराश है, चुनाव में हार रहे हैं, कम्युनिस्टों की भी वही हालत है। इसलिए पश्चिम बंगाल में नई दोस्ती का रिश्ता ढूंढ रहे हैं। कांग्रेस किसी भी तरह से देश में अशांति फैलाना चाहती है।

जावड़ेकर ने यह भी कहा कि जिन्होंने भी 26 जनवरी को किसानों को उकसाया उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कल जिस तरह से लाल किले पर तिरंगे का अपमान हुआ उसे भारत बर्दाश्त नहीं करेगा। राहुल गांधी किसानों का समर्थन नहीं कर रहे थे, वे उकसा रहे थे।

Related Articles

Back to top button